logo

CM हेमंत सोरेन ने जनगणना 2027 के तहत किया स्व-गणना, कहा- यह आमजनों के भविष्य को सही दिशा देने का आधार

cm_hemant_census.jpg

रांची
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने आज जनगणना 2027 के तहत स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी की. इस दौरान उनके साथ उनकी पत्नी गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद थी. सीएम ने समस्त झारखंड वासियों से जनगणना-2027 की प्रक्रिया में अपनी महती जिम्मेवारी का निर्वहन करते हुए सक्रिय एवं उत्साहपूर्ण भागीदारी की अपील की. जनगणना से जुड़े वरिष्ठ अधिकारियों ने ऑनलाइन स्व-गणना पोर्टल पर पंजीकरण करने से संबंधित प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी से सीएम को अवगत कराया. मुख्यमंत्री के समक्ष जनगणना अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत 01 मई से 15मई तक स्व-गणना कार्य प्रारंभ हो चुका है. इसके पश्चात मकान सूचीकरण एवं मकान गणना कार्य दिनांक 16 मई से 14 जून 2026 तक पूरे राज्य में किया जाएगा. इस गहन जनगणना अभियान के दौरान घर-घर जाकर प्रगणक से संबद्ध कर्मी डेटा संग्रह करेंगे. सभी जिलों में इस कार्य के लिए प्रशासनिक तैयारियां शुरू कर दी गई है. 
जनगणना आमजनों के भविष्य को सही दिशा देने का आधार: सीएम हेमंत
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत्त सोरेन ने कहा कि जनगणना कार्य सिर्फ आंकड़े जुटाना नहीं बल्कि आमजनों के भविष्य को सही दिशा देने का आधार है. जनगणना से राज्य सरकार की योजनाओं को और ज्यादा प्रभावी तरीके से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी. मुख्यमंत्री ने इस कार्य के दौरान क्षेत्रीय भाषाओं के जानकार पदाधिकारी एवं कर्मियों को सम्मिलित किए जाने की बात जनगणना अधिकारियों से कही. मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना-2027 का कार्य तकनीकी रूप से सराहनीय पहल है. 
इस अवसर पर जनगणना कार्य निदेशालय, भारत सरकार के निदेशक प्रभात कुमार, उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, नगर आयुक्त, रांची नगर निगम  सुशांत गौरव, सहायक नगर आयुक्त  राहुल यादव, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी शेषनाथ बैठा, जनगणना कार्य निदेशालय के उप निदेशक  केशया. आर, सहायक निदेशक मुरारी मोहन, सांख्यिकी अधिकारी कौशल किशोर सहित अन्य उपस्थित रहे.

राज्यपाल ने भी स्व-गणना प्रक्रिया का किया शुभारंभ
इस अवसर पर माननीय राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने आज लोक भवन, राँची में जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत राज्य में स्व-गणना (Self Enumeration) प्रक्रिया का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने निर्धारित अनुसूची के अनुसार अपनी जानकारी दर्ज कर इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सहभागिता सुनिश्चित की। राज्यपाल महोदय ने कहा कि किसी भी राष्ट्र अथवा राज्य के विकास हेतु नीति-निर्धारण एवं योजनाओं के निर्माण में आँकड़ों की अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने बताया कि जनगणना के माध्यम से जनसंख्या, परिवार की संरचना, आवासीय स्थिति तथा विभिन्न सामाजिक-आर्थिक पहलुओं से संबंधित आधारभूत आँकड़े प्राप्त होते हैं, जो विकासोन्मुख योजनाओं के निर्माण में सहायक सिद्ध होते हैं। उल्लेखनीय है कि जनगणना-2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसके तहत 33 प्रकार के आँकड़े संकलित किए जाएंगे।अंत में राज्यपाल महोदय ने राज्य के सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें तथा जनगणना प्रगणकों को सही एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराकर सहयोग प्रदान करें।

Tags - CM hemant Soren And kalpana Soren CM Hemant Soren Did self Enumeration Kalpana Soren Census self Enumeration hemant Soren Census self Enumerationhemant Soren did self Enumeration