logo

सीएम हेमंत ने SC-ST थाना में ED अधिकारियों के खिलाफ केस किया, मानसिक प्रताड़ना का लगाया आरोप

a1116.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने ST-SC थाना में ED अधिकारियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। मुख्यमंत्री ने शिकायत में कहा है कि मेरी गैरमौजदूगी में मेरे दिल्ली स्थित आवास में दबिश देकर कर्मचारियों को परेशान किया गया। मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया है कि अधिकारियों ने मेरे खिलाफ जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए अपशब्द कहे। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने इस बात की पुष्टि की है। 


मुख्यमंत्री ने मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया
मुख्यमंत्री ने एससी-एसटी थाने में जो शिकायत दर्ज कराई है उसमें ईडी के अधिकारियों पर मानसिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। रांची के वरीय पुलिस अधीक्षक चंदन कुमार सिन्हा ने भी इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि लिखित आवेदन मिला है। इसी आधार पर शिकायत दर्ज किया जाएगा। बता दें कि इस शिकायत के साथ ही मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और ईडी के बीच तल्खी एक स्तर और ऊपर चल गई है। 29 जनवरी को ईडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के दिल्ली स्थित आवास में दबिश दी थी। 30 जनवरी को भी ईडी के अधिकारी मुख्यमंत्री के आवास में पहुंचे थे। कहा जाता है कि ईडी ने उनके आवास से 36 लाख रुपये नकद और 2 कारें जब्त की थीं। हालांकि, ईडी ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। इस बीच हेमंत सोरेन द्वारा दी गई लिखित शिकायत की कॉपी आएगी तो पाठकों को और जानकारी देंगे। 

झामुमो ने की थी शिकायत दर्ज कराने की बात
बता दें कि इससे पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि पार्टी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी और सांसद निशिकांत दुबे के खिलाफ आपराधिक केस दर्ज कराएगी। सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा था कि सोशल मीडिया में इन दोनों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां की और उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाई है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री कई बार सार्वजनिक मंच से कहते रहे हैं कि उनको आदिवासी होने की वजह से ही निशाना बनाया जा रहा है। बीजेपी, झारखंड में एक युवा आदिवासी मुख्यमंत्री को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। उन्होंने कहा था सालों तक झारखंड में आदिवासी-मूलवासी को दबाया जाता रहा। बुधवार को सीएम आवास के बाहर जुटे समर्थकों ने भी कहा था कि मुख्यमंत्री को आदिवासी होने की वजह से सताया जा रहा है।