द फॉलोअप डेस्क
झारखंड वीरों, शहीदों और आंदोलनकारियों की धरती है। हम अपने वीरों- शहीदों को याद करें। उन्हें सम्मान दें और उनके बताए राह पर आगे बढ़ें। यह हमारा कर्तव्य और दायित्व बनता है। यह बातें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को हरमू हाउसिंग कॉलोनी में नवनिर्मित वीर कुंवर सिंह पार्क में 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के महानायक वीर कुंवर सिंह की प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कही। उन्होंने हरमू वासियों को वीर कुंवर सिंह पार्क की सौगात देते हुए कहा कि यहां उनकी सिर्फ प्रतिमा ही नहीं होगी बल्कि पूरी जीवनी का जिक्र होगा। ताकि जो भी लोग यहां आएंगे, उनके बारे में जानकारियां लेकर जाएंगे। सीएम ने कहा कि यह इसलिए जरूरी है कि आगे आने वाली पीढ़ी को हम अपने वीरों, शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और आंदोलनकारियों के योगदान से अवगत करा सकें।

हरमू में रहा हूं, यहां का वोटर भी हूं
हरमू को लेकर सीएम ने कहा कि इस इलाके से उनका पुराना नाता है। उन्होंने कहा कि मैं यहां रहा भी हूं और यहां का वोटर भी हूं। ऐसे में यहां हो रहे बदलाव को देखता भी आ रहा हूं। सीएम ने बताया कि वर्ष 2012-13 में जब नगर विकास मंत्री था तो यहां के छोटे-बड़े मैदानों को सुसज्जित करने की योजना बनाई थी। मगर सरकार से अलग होने के बाद यह योजना अधूरी रह गई। पुनः जब हमारी सरकार बनी तो मैंने अपनी इस योजना को हकीकत रूप देने का कार्य शुरू किया है। इसके तहत ही आज वीर कुंवर सिंह पार्क हरमू वासियों को समर्पित कर रहे हैं।

पार्कों को स्वच्छ-सुरक्षित करने में निभाएं सार्थक भूमिका
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज शहरों में मैदान काफी कम रह गए हैं। ऐसे में जो मैदान हैं, उन्हें व्यवस्थित और सुसज्जित करने का काम सरकार कर रही है। इसी कड़ी में हरमू स्थित इस मैदान को पार्क के रूप में विकसित किया गया है। इसका उद्देश्य है कि इस इलाके के लोग इसका इस्तेमाल बेहतर तरीके से कर सकें। सीएम ने लोगों से आग्रह किया कि पार्कों को स्वच्छ और सुरक्षित करने में अपनी सार्थक भूमिका निभाएं।

…तो भुगतने पड़ेंगे गंभीर परिणाम
शहरीकरण को लेकर सीएम ने कहा कि पर्यावरण का खतरा तेजी से बढ़ता जा रहा है। शहरों में कंक्रीट के जंगल बनते जा रहे हैं। अगर हम सचेत नहीं हुए तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण को साथ लेकर आगे बढ़ें। कम से कम अपने वीरों- शहीदों के सम्मान स्वरूप पर्यावरण को सुरक्षित रखने में अपनी भूमिका निभाएं।

उठाए जा रहे हैं कई कदम
पर्यावरण संरक्षण को लेकर सीएम ने कहा कि उनकी सरकार विशेष तौर पर गंभीर है। इसी कड़ी में शहरों में एक पेड़ लगाने पर पांच यूनिट बिजली मुफ्त देने की घोषणा हमारी सरकार ने की है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि इस दिशा में आगे कई और निर्णय लिए जाएंगे। मौके पर विधायक सरयू राय, कमलेश सिंह, नवीन जायसवाल, कुमार जयमंगल, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, रांची नगर निगम के आयुक्त शशि रंजन, वीर कुंवर सिंह विचार मंच के अध्यक्ष विनय कुमार सिंह और अन्य सदस्यगण मौजूद थे।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT