द फॉलोअप डेस्क
मनरेगा घोटाला मामले में जेल में बंद निलंबित आईएएस पूजा सिंघल के करीबी इजहार अंसारी से ईडी ने गुरुवार को लंबी पूछताछ की। इजहार से ईडी ने 11 घंटे तक पूछताछ की। इजहार अंसारी सुबह करीब 12:30 बजे ईडी के जोनल ऑफिस पहुंचे थे। जहां से वो रात के तकरीबन 11:00 बजे बाहर निकले। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार ईडी अधिकारियों ने इजहार अंसारी से उनकी कंपनियों और कंपनियों के नाम पर आवंटित कोयले की पूरी विवरण मांगी है। इसके साथ ही सुमन कुमार से पैसे के लेन-देन को लेकर भी सवाल किए गए।

कंपनियों के विषय में मांगी जानकारी
ईडी ने इजहार से कोल का आवंटन किस एजेंसी के जरिए हुआ,साथ ही हार्डकोक कंपनियों में कितने कोयले का इस्तेमाल हुआ। इससे संबंधित सवाल भी उनसे पूछे। ईडी अधिकारियों के मुताबिक एजेंसी के पास पर्याप्त साक्ष्य है,जिससे यह स्पष्ट है कि कंपनियों के नाम पर कोयले का आवंटन तो हुआ लेकिन उस कंपनियों में कोयले का इस्तेमाल नहीं हुआ। ईडी ने उनसे कंपनियों के विषय में भी जानकारी मांगी,जिसमें इजहार अंसारी निर्देशक हैं। वहीं इजहार के बैंक खाते को लेकर भी पूछताछ की गई।
सुमन कुमार को लेकर भी हुए सवाल
वहीं सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार इजहार अंसारी से पूजा सिंघल के करीबी सीए सुमन कुमार को लेकर भी इजहार से सवाल किए गए। ईडी ने सुमन कुमार को कोल आवंटन के एवज में कमीशन को लेकर सवाल किए। लेकिन इजहार द्वारा दिए जवाब से ईडी संतुष्ट नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार इजहार अंसारी के मोबाइल में सुमन कुमार का नंबर सीएमओ के नाम से सेव है। वही सुमन कुमार के मोबाइल पर भी इजहार अंसारी का नंबर सेव था। साथ ही दोनों के बीच कोल आवंटन से जुड़े चैट भी मिले हैं। पूजा सिंघल के करीबी सीए सुमन कुमार के यहां से 17.4 1 करोड़ कैश बरामदगी के बाद पैसे के स्रोत को लेकर ईडी ने जब जांच की थी उस वक्त भी इजहार का नाम सामने आया था।

3 मार्च को ईडी ने की थी छापेमारी
जानकारी हो कि ईडी ने 3 मार्च को इजहार अंसारी के हजारीबाग स्थित ठिकानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान उसके आवास से तीन करोड़ नकदी बरामद की गई थी। ईडी ने इस मामले में पूर्व में भी इजहार अंसारी से पूछताछ की थी, लेकिन पैसों के स्रोत व कोल आवंटन को लेकर उसने जो जवाब दिया था उससे ईडी संतुष्ट नहीं हुई थी।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से लिए इस लिंक पर क्लिक करें :
https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N