द फॉलोअप डेस्क
झारखंड में पिछले 24 घंटों में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन तापमान में मिला-जुला असर देखने को मिला है। राज्य में इस समय केवल उत्तरी और उत्तर-पूर्वी हवाएं देखने को मिल रही हैं। इन हवाओं के कारण दिन का तापमान भी बढ़ गया है। गोड्डा में अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिससे दिन में हल्की गर्माहट महसूस की गई और धूप तेज रही। हालांकि, रात के तापमान में लगातार गिरावट जारी है, जिससे सुबह और देर शाम की ठिठुरन बढ़ गई है।
रात की ठंड का सबसे ज्यादा असर गुमला में देखने को मिला है, जहाँ न्यूनतम तापमान गिरकर 7.7 डिग्री तक पहुँच गया, जो सामान्य से काफी नीचे है। इसके अलावा, कोडरमा, चतरा, लातेहार और लोहरदगा सहित कई जिलों में रात का पारा औसत से 1.5 से 5 डिग्री तक नीचे चला गया है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले दो दिनों में भी रात के तापमान में कोई खास बढ़ोतरी नहीं होगी। 29 नवंबर से 2 दिसंबर के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री तक की और गिरावट देखने मिल सकती है, जिससे ठंड बढ़ने की उम्मीद है।
वहीं मौसम ने 2 दिसंबर तक राज्य के कई हिस्सों में सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छाए रहने का अनुमान जताया है। रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री के बीच रहने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी जिलों जैसे कोडरमा और चतरा में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री तक देखा जा सकता है। ठण्ड को देखते हुए विभाग ने लोगों को, खासकर बच्चों और बुजुर्गों को, ठंड से बचने के लिए गर्म कपड़े पहनने और सुबह के समय सावधानी बरतने की सलाह दी है।