logo

गिरिडीह : बगोदर में सड़क हादसे में कॉलेज छात्रा की मौत, पोस्टमार्टम को लेकर ट्रामा सेंटर में परिजनों ने किया बवाल

tyunietyu.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को नेशनल हाईवे पर हुई सड़क दुर्घटना में कॉलेज की एक छात्रा की मौत हो गई। मृतका की पहचान अटका अंतर्गत यमुनानगर निवासी आशा बाला कुमारी के रूप में हुई है, जो घाघरा साइंस कॉलेज में डिग्री की छात्रा थी। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं कॉलेज परिसर में भी शोक की लहर दौड़ गई है।
बताया जाता है कि आशा बाला कुमारी कॉलेज से निकलकर घर जाने के लिए वाहन पकड़ने हेतु सड़क पार कर रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार से आ रहे बोलेरो वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए बगोदर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बगोदर ट्रामा सेंटर लाया गया, लेकिन वहां कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों के हड़ताल पर रहने के कारण पोस्टमार्टम करने से इंकार कर दिया गया। परिजन लगातार बगोदर ट्रामा सेंटर में ही पोस्टमार्टम कराने की मांग करते रहे, जिसके कारण शव दूसरे दिन भी वहीं पड़ा रहा।
शनिवार को परिजन कई घंटों तक आउटसोर्सिंग कर्मियों से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध करते रहे। करीब तीन-चार घंटे तक वार्ता विफल रहने के बाद परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल परिसर में तोड़फोड़ करने लगे। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए मामले की छानबीन शुरू कर दी। इधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद बगोदर विधायक नागेंद्र महतो भी ट्रामा सेंटर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से बातचीत कर पूरे मामले की जानकारी ली और समाधान का आश्वासन दिया। घटना के बाद से बगोदर ट्रामा सेंटर परिसर में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

 

Tags - Latest Jharkhand News Jharkhand News Updates Jharkhand News in hindi latest Updates news jharkhand News Jharkhand News jharkhand news updates Jharkhand news Giridih News Updates Giridih News In Hindi Giridih news Updates Giridih news in hindi