logo

जमशेदपुर में देर रात दो पक्षों के बीच बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग!

जमशेदपुर में देर रात दो पक्षों के बीच बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज और हवाई फायरिंग!

जमशेदपुर 
जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह मैदान के पास शुक्रवार देर रात एक विवाद के बाद बड़ी संख्या में उपद्रवियों के जुटने से स्थिति बिगड़ गयी। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस की ओर से लाठीचार्च और हवाई फायरिंग करनी पड़ी। इसके बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गयी। क्यूआरटी की दो गाड़ियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। डीएसपी सुमित कुमार समेत पुलिस के कई अधिकारी देर रात तक मौके पर मौजूद रहे। मिली जानकारी के अनुसार, बिष्टुपुर के रामदास भट्टा ग्वालाबस्ती से एक गाय की बाछी चोरी हो गयी थी। मवेशी की तलाश करते हुए उसके मालिक जुगसलाई पहुंचे। उन्हें जानकारी मिली कि ईदगाह मैदान के पास उक्त बाछी को लाया गया है। इसके बाद कुछ लोग वहां पहुंचकर मामले की जानकारी लेने लगे। इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया।

कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पथराव भी कर दिया

विवाद की जानकारी धीरे-धीरे आसपास के इलाकों में फैल गयी। इसके बाद जुगसलाई के गद्दी मोहल्ला और ग्वालाबस्ती से भी लोग ईदगाह मैदान की ओर पहुंचने लगे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की संख्या बढ़ गयी और स्थिति तनावपूर्ण हो गयी। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया। वहीं, स्थिति को बिगड़ता देख क्यूआरटी की दो गाड़ियां मौके पर बुलायी गयी। डीएसपी सुमित कुमार के साथ आसपास के थानों की पुलिस भी मौके  पर पहुंची। इसी दौरान बड़ी संख्या में जुटे लोगों ने पुलिस टीम को घेर लिया। आरोप है कि भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस बल पर पथराव भी कर दिया। इसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज कर भीड़ को खदेड़ना शुरू किया।

अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील

बताया जा रह है कि बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने पहले उपद्रवियों पर लाठीचार्ज कर खदेड़ने की कोशिश की। फिर भी स्थिति सामान्य नहीं हुई तो पुलिस को चार राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी। घटना के बाद ईदगाह मैदान और आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गयी हैं। क्यूआरटी की टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही हैं। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से संयम बरतने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। स्थिति पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई थी। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी (लॉ एंड ऑर्डर) सुमित कुमार, बिष्टुपुर और बागबेड़ा थाना प्रभारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

उपद्रव करने वालों को चिह्नित किया जा रहा

पुलिस ने स्थिति को अपने नियंत्रण में लेने के बाद घटनास्थल की जांच की। मौके से कारतूस के खोखे बरामद किये गये हैं। पुलिस की ओर से उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पहचान के आधार पर उनकी गिरफ्तारी के लिए देर रात से ही संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। इलाके में फ्लैग मार्च भी किया गया। जमशेदपुर एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने कहा कि जुगसलाई में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट के बाद स्थिति बिगड़ी और पुलिस पर हमला किया गया। इसके बाद पुलिस की ओर से हवाई फायरिंग की गयी। उन्होंने कहा कि उपद्रव करने वालों को चिह्नित किया जा रहा है और उनके खिलाफ कार्रवाई की जायेगी।

Tags - Jamshedpur Police Aerial Firing Law and Order Cattle Theft