द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
राज्य के अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य अजय कुमार सिंह ने आज वीडियो कंफ्रेंसिंग के माध्यम से जिलों के सिविल सर्जनों के साथ बैठक की। इसमें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (CHC) और जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने पर विमर्श किया गया। बैठक में पदों की उपलब्धता की समीक्षा की गई। अपर मुख्य सचिव ने सभी सिविल सर्जनों को अपने जिले के अस्पतालों की मौजूदा स्थिति का आकलन कर पदों के पुनर्गठन का प्रस्ताव तैयार कर 10 दिनों के भीतर विभाग को भेजने का निर्देश दिया। इसके लिए स्वास्थ्य केंद्रों और अस्पतालों में डॉक्टर, नर्स, पैरामेडिकल स्टाफ और दूसरे जरूरी कर्मचारियों की संख्या बढ़ाने का सैद्धांतिक निर्णय लिया गया। बताया गया कि राज्य के 100 सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड करने पर 600 चिकित्सकों की जरुरत होगी।

जिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को अपग्रेड किया जाएगा, उनमें रांची जिले के बुंडू, नामकुम, सिल्ली, रातू, कांके और मांडर के CHC को अपग्रेड करने पर विचार किया गया। इसके अलावा तोपचांची, बरही, निरसा, हंसडीहा, बुंडू और चैनपुर में स्वास्थ्य केंद्रों को ट्रॉमा सेंटर के रूप में विकसित करने की योजना पर भी चर्चा की गई। बैठक में 30 बेड और 50 बेड वाले प्रस्तावित MCH केंद्रों के साथ 100 बेड वाले जिला अस्पतालों के लिए भी डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ के पदों की समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा सहिया और संविदाकर्मियों को नियमित भुगतान सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया। बैठक में स्वास्थ्य विभाग के विशेष सचिव डॉ. नेहा अरोड़ा, डीआईसी डॉ. सिद्धार्थ सान्याल, संयुक्त सचिव ललित मोहन शुक्ला, सीमा कुमारी उदयपुर समेत विभाग के अन्य अधिकारी और सभी जिलों के सिविल सर्जन मौजूद रहे।
.jpeg)