logo

राहुल गांधी की लोकप्रियता से बीजेपी में घबराहट, 2024 में विदाई का डर: कांग्रेस

a511.jpeg

रांची:


बीजेपी के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को रावण के रूप में दिखाए जाने पर सियासी बवाल खड़ा हो गया है। बीजेपी पर राहुल गांधी की छवि को साजिश के तहत बदनाम करने का आरोप लगाते हुए झारखंड कांग्रेस ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय से राजभवन तक पदयात्रा की। पदयात्रा में शामिल प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और प्रभारी अविनाश पांडेय सहित अन्य लोगों ने एक स्वर में उक्त घटना की निंदा की। 

बीजेपी गिरा रही राजनीति का स्तर! 
पीएम मोदी और जेपी नड्डा की ओर इशारा करते हुए अविनाश पांडेय ने कहा कि उन्हें यह बताना चाहिए की बीजेपी भारतीय राजनीति को गिरावट के किस स्तर पर ले जाना चाहती है। उन्होंने कहा कि शुचिता की कसमें खाने वाली बीजेपी वादा भी भूल गई है। अविनाश पांडेय ने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के बाद राहुल गांधी सर्वमान्य नेता के रूप में उभरे हैं और बीजेपी इसी से घबरा गई है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के निंदनीय कार्यों का माकूल जवाब देश की जनता 2024 में देगी। 

राहुल गांधी की लोकप्रियता से घबराई बीजेपी
प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि कर्नाटक में बजरंगबली के गदा की मार से बीजेपी का मानसिक संतुलन हिल गया है। बीजेपी हताश और निराश है। राहुल गांधी द्वारा जिस दिन से सिख धर्म के विश्व प्रसिद्ध स्थान सच्चखंड श्रीहर मंदिर साहिब में सेवा किया, इससे भाजपा में बैचेनी और  बढ़ गया है। राहुल गांधी वह व्यक्ति हैं जिसने अपनी दादी और पिता को हत्याओं के कारण खोया है। मगर तुक्ष राजनीति लाभ उठाने के लिए उनकी एसपीजी सुरक्षा तक वापस ले ली गई। राहुल गांधी भाजपा के सबसे कटर आलोचक है, जो उनकी नफरत भरी विचार-धारा के मूल पर हमला करते हैं। यही कारण है कि भाजपा उनके चित्र को बदनाम करने का दिन-प्रतिदिन नये-नये हथकंडे अपनाती रहती है। ताकि बेरोजगारी, महंगाई, देश की गिरती अर्थव्यवव्स्था से जनता की ध्यान को भटका सके। 

2024 में विदाई की आशंका से घबरा गई है भाजपा!
सुबोधकांत सहाय ने कहा कि उपलब्धि के नाम पर भाजपा ने सिर्फ जनता को ढगने का काम किया है। जनता अब भाजपा की चाल को समझ चुकी है लिहाजा, 2024 के चुनाव में विदाई की आशंका से बीजेपी बौखला गई है। राहुल गांधी को बौखलाहट और हताशा में निशाना बनाया जा रहा है।