द फॉलोअप डेस्क, रांची:
झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू कल रांची आएंगे। उनके साथ तेलंगाना के डिप्टी सीएम मल्लु भट्टी विक्रमार्क भी होंगे। दोनों नेता कल मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी मुलाकात करेंगे। बताया जा रहा है कि सीएम हेमंत, के राजू और मल्लु भट्टी विक्रमार्क के बीच राज्यसभा चुनाव को लेकर चर्चा होगा।
जानकारी मिली है कि सीएम हेमंत सोरेन के सामने कांग्रेस पार्टी 1 राज्यसभा सीट की मांग रखेगी। दरअसल, इससे पहले कांगेस प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी कह चुके हैं कि झारखंड में राज्यसभा की 2 सीटों पर होने जा रहे चुनाव में कांग्रेस पार्टी का भी 1 प्रत्याशी होना चाहिए। इससे पहले के राजू भी कह चुके हैं कि 2 राज्यसभा सीटों में से एक सीट पर कांग्रेस का दावा बनता है। पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने भी कहा था कि उनकी पार्टी को एक सीट पर उम्मीदवारी मिलनी चाहिए।

शहजादा अनवर ने मांगी उम्मीदवारी
इसी बीच पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके शहजादा अनवर ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को चिट्ठी लिखकर यह मांग रखी है कि एक सीट पर उनको उम्मीदवार बनाया जाए, ताकि अल्पसंख्यक समुदाय को प्रतिनिधित्व मिले। उन्होंने लोकसभा चुनाव में मुस्लिम प्रत्याशी नहीं उतारने का हवाला देकर राज्यसभा की उम्मीदवारी मांगी है। गौरलब है कि झारखंड के 2 राज्यसभा सीटों पर 18 जून को चुनाव होगा। भारतीय जनता पार्टी ने संख्याबल नहीं होने के बावजूद अपना प्रत्याशी उतारने का फैसला कर दिया है। झामुमो चाहता है कि दोनों सीटों पर उसके उम्मीदवार हों, जबकि कांग्रेस गठबंधन धर्म का हवाला देकर अपने लिए एक सीट चाहती है।

भाजपा भी उतारेगी अपना उम्मीदवार
गौरतलब है कि राज्यसभा चुनाव में एक सीट पर जीत के लिए 28 विधायकों का प्रथम वरीयता मत चाहिए। सत्तारूढ़ महागठबंधन के पास कुल 56 विधायक हैं। इस लिहाज से दोनों सीटों पर उनकी जीत तय मानी जा रही है। झामुमो चूंकि संख्याबल में ज्यादा है और मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों में मजबूत भी तो वह दोनों सीटों पर अपना उम्मीदवार उतारना चाहता है, वहीं कांग्रेस पार्टी गठबंधन धर्म का हवाला देकर एक सीट अपने लिए चाहती है। इस बीच बीजेपी ने 21 विधायक होने के बावजूद अपना उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। गठबंधन के सहयोगियों को मिला भी दें तो 24 विधायक ही होते हैं, जो जरूरत से 4 कम हैं। हालांकि, भाजपा को यकीन है कि वह जरूरी आंकड़ा जुटा लेगी।