द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में 9 सूत्री मांगों को लेकर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे और वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं का उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल जिला वन पदाधिकारी सबा अहमद अंसारी से मिला। इस मुलाकात में जनहित, वन उत्पाद, रोजगार सृजन, फलदार वृक्षारोपण, वनाधिकार पट्टा वितरण, पर्यावरण संरक्षण तथा दलमा लेपर्ड सफारी पर विशेष रूप से चर्चा की गई।
प्रतिनिधिमंडल ने अपनी मुख्य मांगों में लंबित सभी वनाधिकार पट्टों का त्वरित वितरण, वन उत्पाद आधारित रोजगार सृजन, जिले के सभी 11 प्रखंडों में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर फलदार वृक्षों का रोपण, 10 लाख कटहल वृक्षों की बागवानी योजना, दलमा लेपर्ड सफारी और वन क्षेत्रों को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करना, औद्योगिक प्रतिष्ठानों को CSR के अंतर्गत वनों के विकास में जोड़ना, और प्रदूषण फैलाने वाली कंपनियों को वृक्षारोपण की जिम्मेदारी सौंपने का प्रस्ताव रखा।
वन पदाधिकारी सबा अहमद अंसारी ने इन सभी विषयों को ध्यानपूर्वक सुना और कहा कि कांग्रेस पार्टी ने आवश्यक मुद्दों को उठाया है। इनपर गंभीरता से विचार कर शीघ्र कार्रवाई की जाएगी। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे, राजकिशोर यादव, अरुण कुमार सिंह, रजनीश सिंह, अंसार खान, कमलेश कुमार पाण्डेय, नलिनी सिन्हा, शमशेर आलम, शमशेर खान, सन्नी सिंह, रंजीत सिंह, निखिल कुमार और रंजीत झा शामिल थे।
