logo

BJP में जाने के सवाल पर बोलीं पूर्णिमा नीरज सिंह- अभी कांग्रेस में हूं कोई शंका नहीं, आगे का नहीं पता

a498.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झरिया से कांग्रेस पार्टी की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने बीजेपी में जाने के सवाल पर कहा कि मैं फिलहाल कांग्रेस में हूं। इसमें कोई शंका नहीं है लेकिन आगे का नहीं पता। दरअसल, झारखंड में कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सांसद गीता कोड़ा के बीजेपी ज्वॉइन करने के सवाल पर पूर्णिमा नीरज सिंह से पूछा गया था कि मंत्रिमंडल विस्तार के मसले पर आप भी पार्टी से नाराज थीं। ऐसे में क्या आप भी भविष्य में गीता कोड़ा जैसा कदम उठा सकती हैं। गीता कोड़ा के बीजेपी ज्वॉइन करने को दुखद सियासी घटना करार देते हुए पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि मैं अभी कांग्रेस में हूं और इसमें कोई दोराय नहीं है लेकिन मैं भविष्य का नहीं जानती। इस दौरान पूर्णिमा नीरज सिंह ने गीता कोड़ा की कांग्रेस की नाराजगी के बिंदुओं से सहमति भी जताई।

 

कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सांसद का जाना दुखद!
पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि गीता कोड़ा झारखंड में कांग्रेस की एकमात्र लोकसभा सांसद थीं। सिंहभूम इलाके में जहां से वह सांसद हैं, उनकी अच्छी पैठ थी। उन्होंने पार्टी की बेहतरी के लिए काम भी किया लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण है कि वह बीजेपी में चली गईं। पूर्णिमा नीरज सिंह ने इस दौरान कहा कि पार्टी को आत्ममंथन करना होगा कि आखिर क्यों नेता ऐसा कदम उठा रहे हैं। 

पूर्णिमा नीरज सिंह ने पार्टी को आत्ममंथन करने को कहा
झरिया विधायक ने कहा कि पार्टी को आत्मंथन करना होगा। कठोर निर्णय लेने होंगे। पार्टी केवल कुछ समीकरण देख कर फैसला लेती है, जो गलत है। गीता कोडा़ के बीजेपी ज्वॉइन करने को क्षति बताते हुए पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि पार्टी को आत्मंथन करना होगा। उन्होंने कहा कि निर्णय अधर में लटका दिया जाता है। गीता कोड़ा को लेकर उन्होंने कहा कि पार्टी में नहीं सुनी जाती है। पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि गीता कोड़ा ही नहीं बल्कि तमिलनाडु में भी एक महिला विधायक ने पार्टी बदल ली।

पूर्णिमा नीरज सिंह ने शीर्ष नेतृत्व को लेकर कहा कि उन्हें यह भी देखना होगा कि बातें उन तक पहुंचती है या नहीं। पहुंचती है तो उसमें कितनी सच्चाई होती है।

पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि लोग नाराज होकर ऐसा करते हैं। जब बात नहीं सुनी जाएगी तो क्या करेंगे? 

झरिया विधायक ने कहा कि सब लोग अपना भविष्य देखते हैं
नाराजगी को लेकर झरिया विधायक ने कहा कि मैं अपनी नाराजगी फिलहाल पार्टी से कहूंगी। मैं अपनी नाराजगी, सार्वजनिक मंच पर जाहिर करने में विश्वास नहीं करती। उन्होंने कहा कि अब जबकि, पब्लिकली बातें सामने आ रही है तो उन्हें (पार्टी) को सोचने और समझने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि हर इंसान अपने भविष्य के बारे में सोचता है कि कहां उसे सम्मान मिलेगा। 

बीजेपी के संपर्क में होने की बात से पूर्णिमा नीरज सिंह ने इनकार किया
बीजेपी से संपर्क में होने के सवाल पर पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा कि मैं किसी भी सर्वे में एनडीए गठबंधन की चर्चा में नहीं हूं। उन्होंने कहा कि यह सब केवल अटकलें और इसमें कोई सत्यता नहीं है। प्रत्येक सर्वे में मैं केवल महागठबंधन की प्रत्याशी हूं। मैं भविष्य का नहीं जानती। लोग जो भी कहें, मैं उसपर विश्वास नहीं करती। पार्टी जो लोकसभा या विधानसभा में जो भी जिम्मेदारी देगी मैं उसका निर्वहन करूंगी।