रांची:
झारखंड कांग्रेस के सभी विधायकों को दिल्ली ले जाने का फैसला लिया गया है। प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी विधायकों के साथ जाएंगे। जानकारी मिली है कि अध्यक्ष के साथ दिल्ली जाकर सभी विधायक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को झारखंड की मौजूदा सियासी हालत के बारे में बताएंगे। गौरतलब है कि आज विधानसभा में चुनाव अधिकारी द्वारा भाजपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन पर सभी आपत्तियां खारिज करके इसे वैध करार देने के बाद यह फैसला लिया गया है।

झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों पर भारी घमासान
कांग्रेस पार्टी ने आज विधानसभा परिसर में परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया था। झारखंड की 2 राज्यसभा सीटों को लेकर कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के भारी गतिरोध देखने को मिल रहा है। कांग्रेस ने जहां भाजपा पर हॉर्स ट्रेडिंग की कोशिश करने का आरोप लगाया है तो वहीं चुनाव आयोग पर मनमानी और पक्षपात का गंभीर आरोप लगाया है। दूसरी ओर भाजपा ने कांग्रेस की आपत्तियों को बेबुनियाद करार दिया है।

परिमल नाथवानी के नामांकन पर थी आपत्ति
गौरतलब है कि परिमल नाथवानी के नामांकन पत्र पर नाम सहित कुछ बिंदुओं पर आपत्ति थी। उनका नामांकन होल्ड कर दिया गया था। बुधवार को झारखंड कांग्रेस के विधायकों ने विधानसभा परिसर में परिमल नाथवानी का नामांकन रद्द करने की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया। दिल्ली से शीर्ष नेतृत्व ने वरीय नेता सलमान खुर्शीद को भेजा। सलमान खुर्शीद विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग भी भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है। वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि चुनाव आयोग को दफ्तर के बाहर भाजपा का बोर्ड लगवा लेना चाहिए।
कहा जा रहा है कि चुनाव अधिकारी ने सभी आपत्तियों को खारिज करते हुए परिमल नाथवानी के नामांकन पर लगे होल्ड को हटा लिया है। कांग्रेस इसका विरोध कर रही है।