रांची / असम
असम विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की रणनीति को धार देने के उद्देश्य से सीनियर ऑब्जर्बर सह झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की आज से असम दौरे पर हैं। असम पहुंचने पर उनका स्वागत कांग्रेस विधायक रशीद आलम, विधायक भास्कर ज्योति सहित अन्य वरिष्ठ पार्टी नेताओं ने किया।
बंधु तिर्की आगामी 24 अगस्त तक असम में रहकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा करेंगे। इस दौरान वे कांग्रेस नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर भविष्य की रणनीति तय करेंगे, साथ ही कई विधानसभा सीटों का दौरा कर जमीनी राजनीतिक हालात और स्थानीय समीकरणों को समझेंगे।
.jpeg)
असम पहुंचने के बाद बंधु तिर्की ने कहा कि पार्टी ने उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ उन्हें असम चुनाव के लिए सीनियर ऑब्जर्बर बनाया गया है।
बंधु तिर्की ने दावा किया कि असम में बीजेपी के खिलाफ जनता में भारी आक्रोश है। उन्होंने कहा कि जाति, धर्म और समाज को बांटने की राजनीति को असम की जनता अब अच्छी तरह समझ चुकी है। आगामी चुनाव में टी ट्राइब्स की भूमिका निर्णायक होगी और कांग्रेस उनके हक और अधिकार की आवाज़ को मजबूती से उठाने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस असम में जनता के मुद्दों के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी और संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत किया जाएगा।
