रांची
भाजपा विधायक सीपी सिंह के विवादित बयान पर कांग्रेस ने तीखी आपत्ति जताई है। कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष शहजादा अनवर ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीपी सिंह मानसिक कुंठा और राजनीतिक हताशा में ऐसे बयान दे रहे हैं, जो न सिर्फ आपत्तिजनक हैं, बल्कि समाज की एकता और सद्भाव को चोट पहुँचाने वाले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सी.पी. सिंह ने सभी मुसलमानों को ‘जिहादी’ कहकर एक पूरे समुदाय को जानबूझकर निशाना बनाया है। यह बयान न सिर्फ मुस्लिम समाज को आहत करता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों, सांप्रदायिक सौहार्द और संविधान की भावना के खिलाफ भी है। अनवर ने सवाल उठाया कि क्या भाजपा अपने ही नेताओं—शाहनवाज़ हुसैन, मुख्तार अब्बास नकवी, जफर इस्लाम और राज्यपाल मोहम्मद आरिफ खान—को भी जिहादी मानती है? उन्होंने यह भी पूछा कि क्या वे तमाम मुस्लिम स्वतंत्रता सेनानी, जिन्होंने देश के लिए बलिदान दिया, क्या उन्हें भी भाजपा इसी दृष्टि से देखती है?
उन्होंने मांग की कि जिस तरह महाराष्ट्र में एक विधायक के विवादित बयान पर विधानसभा अध्यक्ष ने स्वतः संज्ञान लेकर कार्रवाई की थी, उसी तरह झारखंड में भी सी.पी. सिंह पर कार्रवाई होनी चाहिए।
शहजादा अनवर ने कहा कि सी.पी. सिंह न तो भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बन पाए, न ही विधायक दल के नेता—इसी अवसाद से गुजरते हुए वह भड़काऊ और गैर-जिम्मेदाराना बयान दे रहे हैं। लेकिन उनके व्यक्तिगत अवसाद का खामियाजा आम जनता क्यों भुगते?
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि झारखंड में रामनवमी, ईद और सरहुल जैसे पर्व शांतिपूर्ण और सौहार्द के वातावरण में संपन्न हुए, और शायद यही शांति भाजपा नेताओं को रास नहीं आ रही। इसलिए जानबूझकर ऐसा माहौल बनाया जा रहा है जिससे समाज में तनाव फैले। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी किसी को गोडसे-पूजक कहकर उकसाने की राजनीति नहीं की, लेकिन भाजपा नेताओं को जब भी शांति और भाईचारा नजर आता है, वे असहज हो उठते हैं। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा, मीडिया चेयरमैन सतीश पॉल मुजनी, प्रवक्ता सोनाल शांति, अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य एम. तौसीफ और गजेंद्र सिंह भी उपस्थित थे।