logo

ओरमांझी में देश के सबसे बड़े तितली पार्क का उद्घाटन, जानिये इसमें और क्या है खास

birsa4.jpg

रांची 

रांची के ओऱमांझी, बिरसा जैविक उद्यान में देश के सबसे बड़े तितली पार्क का उद्घाटन आज हुआ। इसमें 80 से अधिक प्रजाति की तितलियों को लोग देख सकेंगे। बता दें कि झारखंड चिड़ियाघर प्राधिकार इस प्रोजेक्ट पर काफी दिनों से काम कर रहा था। आज मंगलवार को पार्क का उद्घाटन पर्यावरण व जलवायु विभाग के अपर मुख्य सचिव एल ख्यांगते के हाथों से हुआ। उद्घाटन के बाद ख्यांगते टिकट लेकर पार्क में तितलियों को देखने के लिए गये। मौके पर उन्होंने तितली पार्क के बारे में जानकारी देने वाली पुस्तक का विमोचन भी किया। 

20 एकड़ के विशाल भूमिखंड में फैला है पार्क
इस दौरान अधिकारियों ने बताया कि तितली पार्क का निर्माण दो करोड़ की लागत से किया गया है। यह 20 एकड़ के विशाल भूमिखंड में फैला हुआ है। पार्क में आज दर्शकों को खास तौर पर तितलियों की अलग-अलग प्रजातियों के बारे में बताया गया। साथ ही लोगों को तितलियों के होस्ट और नेक्टर प्लांट का भ्रमण कराया गया। लोगों को ये भी बताया गया कि तितलियों को खाने और रहने की व्यवस्था पार्क में किस तरीके से की गयी। इस दौरान लोगों ने उड़ती तितलियों का आनंद लिया। 

पर्यावरण से तितलियों का संबंध  

तितली पार्क के उद्घाटन के मौके पर पीसीसीएफ हॉप के डॉ संजय श्रीवास्तव ने कहा कि ये झारखंड के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। यह तितली पार्क अब देशभर के पर्यटकों को रांची आने के लिए प्रेरित करेगा। डॉ संजय श्रीवास्तव के साथ ही भगवान बिरसा जैविक उद्यान के डायरेक्टर जब्बर सिंह ने लोगों के जीवन में तितलियों के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने जानकारी दी कि तितलियां किस तरह से पर्यावरण को संतुलित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।