logo

हजारीबाग : बरही में अपराधियों ने जेवरात से भरा बैग लूटा, फायरिंग कर हुए फरार

gkutduk.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बरही चौक स्थित जय माता दी ज्वेलर्स के मालिक रविंद्र कुमार से रविवार रात हथियारबंद अपराधियों ने करोड़ों रुपये के जेवरात लूट लिए। जानकारी के अनुसार, दुकान बंद करने के बाद रविंद्र कुमार जेवरात कार में रख रहे थे, तभी दो बाइक पर सवार चार अपराधी पहुंचे। अपराधियों ने पहले हवाई फायरिंग की, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद उन्होंने कार का शीशा तोड़कर जेवरात से भरा बैग लूट लिया। विरोध करने पर अपराधियों ने रविंद्र कुमार के साथ मारपीट की, जिससे वे घायल हो गए। घायल रविंद्र कुमार का इलाज स्थानीय सरकारी अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के अनुसार, अपराधी पल्सर बाइक पर सवार थे और लूटपाट के बाद कोडरमा की ओर फरार हो गए। रविंद्र कुमार के बड़े भाई सुरेंद्र कुमार ने बड़ी थाने में आवेदन देकर बताया कि 30-30 किलो के दो चांदी के बैग और 35 किलो का बना हुआ चांदी का आभूषण तथा 3.5 किलो सोने के आभूषण, जिसमें 16, 18 और 22 कैरेट के आभूषण शामिल हैं, हथियार का भय दिखाकर लूटे गए।
घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अजीत कुमार बिमल के निर्देश पर थाना प्रभारी विनोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे क्षेत्र में छापेमारी व नाकेबंदी शुरू कर दी। कुछ लोगों से पूछताछ भी की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और जांच जारी है। बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार ने कहा कि आवेदन प्राप्त हो गया है और उसी के आधार पर जांच चल रही है। जल्द ही घटना का पूरा उद्वेदन किया जाएगा, जिसके बाद यह कहा जा सकेगा कि कितने किलो आभूषण चोरी हुए हैं। इस घटना से बरही के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और व्यापारी जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।


 

Tags - Latest jharkhand News jharkhand News updates latest jharkhand News Jharkhand News Updates Hazaribagh News updates latest Hazaribagh News Hazaribagh News in hindi Latest Hazaribagh News Hazaribagh News Updates Hazaribagh mnews Updates Hazaribagh