द फॉलोअप डेस्क
बिहार में हत्या करने के बाद झारखंड में बेखौफ घूम रहे दो शातिर अपराधियों को गढ़वा जिले के रंका थाना की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों अपराधी बिहार के औरंगाबाद जिले में एक दवा व्यवसायी की हत्या में शामिल थे और घटना के बाद मोटरसाइकिल का रंग बदलकर छत्तीसगढ़ की ओर भागने की योजना बना रहे थे। लेकिन पुलिस की सतर्कता से उनकी यह योजना विफल हो गई। गढ़वा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर निकाय चुनाव को लेकर रंका थाना क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही थी। इसी क्रम में छत्तीसगढ़–झारखंड मार्ग पर एंटी क्राइम चेकिंग अभियान के दौरान रंका थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली। पुलिस टीम ने दो शातिर अपराधियों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया, जबकि जिस मोटरसाइकिल पर वे सवार थे, वह भी चोरी की निकली। रंका एसडीपीओ ने बताया कि गढ़वा–अंबिकापुर रोड पर झूमेलवा मोड़, बाइस प्लॉट, विश्रामपुर गांव के समीप एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल को रोककर जांच की गई, जिस पर दो व्यक्ति सवार थे।
तलाशी के दौरान सत्यदेव यादव के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल बरामद की गई, जिस पर “Auto Pistol Made in USA” लिखा हुआ था। इसके साथ चार जिंदा गोलियां भी मिलीं। वहीं, फैयाज उर्फ फैज अंसारी के पास से एक अवैध लोडेड देशी कट्टा बरामद हुआ, जिसके चैंबर में एक जिंदा गोली थी। दोनों हथियारों को विधिवत रूप से जब्त कर लिया गया। जब पुलिस ने मोटरसाइकिल से संबंधित कागजात मांगे तो आरोपी कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पूछताछ में उन्होंने स्वीकार किया कि यह मोटरसाइकिल चोरी की है और इसका नंबर बदल-बदल कर वे लूट, छिनतई और हत्या जैसी आपराधिक घटनाओं को अंजाम देते रहे हैं। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि इसी मोटरसाइकिल का उपयोग कर 30 जनवरी को बिहार के औरंगाबाद जिले में गैलेक्सी मेडिकल के मालिक जुनैद अहमद की हत्या उन्होंने अपने अन्य सहयोगियों के साथ की थी। हत्या के बाद मोटरसाइकिल का रंग लाल से काला करवाया गया था। इसके बाद आरोपी अंबिकापुर जाकर एक महिला की हत्या की योजना के तहत रेकी कर रहे थे। पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर दोनों अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है और बिहार और झारखंड के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। पुलिस द्वारा बरामद हथियारों और चोरी की मोटरसाइकिल को जब्त कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
