द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज जिले के गदाई दियारा क्षेत्र में गंगा नदी में एक मगरमच्छ के देखे जाने की खबर सामने आई है। इस घटनाक्रम के बाद वन प्रमंडल साहिबगंज ने आमजन से सावधानी बरतने की अपील की है और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने का आग्रह किया है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया कि मगरमच्छ आमतौर पर इंसानों पर हमला नहीं करते और उनका मुख्य आहार मछलियां होती हैं। हालांकि, लोगों को सतर्क रहना आवश्यक है। विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मगरमच्छ से दूरी बनाए रखें, बच्चों और पालतू जानवरों को नदी के किनारे से दूर रखें और पानी में न उतरें।
इसके अलावा, विभाग ने मगरमच्छ को भोजन न देने और किसी भी प्रकार से हस्तक्षेप न करने की चेतावनी दी है। अगर किसी को मगरमच्छ दिखाई दे, तो तुरंत वन विभाग को सूचित करने की सलाह दी गई है। इस संबंध में नागरिक +91 70613 91175 नंबर पर सूचना दे सकते हैं। वन विभाग ने यह भी कहा कि मगरमच्छ की उपस्थिति नदी के पारिस्थितिकी तंत्र के लिए सकारात्मक संकेत है, लेकिन मानव सुरक्षा और वन्यजीव संरक्षण के लिए जनता का सहयोग बेहद जरूरी है।
