द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के कटकमदाग प्रखंड में झारखंड सरकार की बहुउद्देशीय “सरकार आपके द्वार” योजना के तहत आज पंचायत सचिवालय परिसर में विशेष कैंप आयोजित किया गया। सुबह से ही लोगों की भारी भीड़ उमड़ती रही और विभिन्न योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदकों में खासा उत्साह देखा गया।
कैंप में पहुंच रहे ग्रामीण आवास योजना के लिए आवेदन भरते नजर आए, वहीं छात्र-छात्राएं गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना का फॉर्म भरने में जुटे रहे। मैया सम्मान योजना के प्रति महिलाओं में विशेष उत्सुकता देखी गई और बड़ी संख्या में महिलाओं ने आवेदन जमा किया।
इस बार कैंप में गर्भवती महिलाओं के लिए पोषक तत्व, पोषण व्यवस्था और उचित खानपान को लेकर उन्हें जागरूक भी किया गया। लोगों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कैंप में स्वास्थ्य शिविर भी लगाया गया, जहां प्राथमिक जांच और परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त हजारीबाग एसडीओ बैद्यनाथ कामति ने कार्यक्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि “झारखंड सरकार की यह बहुउद्देशीय योजना आम जनता के लिए एक बड़ा अवसर है, जिसके तहत विभिन्न प्रकार के आवेदन मौके पर ही प्राप्त किए जा रहे हैं।”
एसडीओ ने लोगों से अपील की कि अधिक से अधिक संख्या में कैंप में पहुंचें और जिन भी कार्यों में बाधा है, उसका निष्पादन अवश्य कराएं।.jpeg)
कुल मिलाकर “सरकार आपके द्वार” कैंप में भारी सहभागिता देखी गई, जिससे यह साफ होता है कि योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने में प्रशासन की यह पहल कारगर साबित हो रही है।