logo

जामताड़ा : महाराष्ट्र और कर्नाटक के लोगों से लाखों की ठगी करने वाले 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार 

arresting.jpeg

जामताड़ा 

जामताड़ा में रहकर महाराष्ट्र और कर्नाटक के लोगों से लाखों की ठगी करने वाले 3 साइबर अपराधियों को आज साइबर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। एसपी जामताड़ा अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर साइबर पुलिस ने छापामारी कर 3 साइबर अपराधी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अपराधियों से पुछताछ की जा रही है। इनके पास से बरामद मोबाइल से महाराष्ट्र और कर्नाटक के लोगों के नम्बर मिले हैं, जिनसे ठगी की गयी है। पुलिस इन नंबरों पर लोगों से संपर्क कर रही है। 


इस तरह करते थे ठगी 

फोन कॉल पर ठगी के शिकार लोगों ने बताया कि साइबर ठगों के द्वारा इनसे संपर्क किया गया। ठगों ने फर्जी बैंक अधिकारी बन कर लोगों को फोन किया और एटीएम नम्बर मांगे। इसके बाद विभिन्न ई वॉलेट और बैंक खातों के माध्यम से उनसे पैसे मंगवाये गये। साथ ही बिजली बिल जमा नहीं करने और बिजली लाईन काटने का मैसेज देकर भी ठगी की गयी। छापामारी दल साइबर डीएसपी मंजरूल होदा के नेतृत्व में बनी। इसमें पुलिस निरीक्षक जयन्त तिर्की, पुलिस निरीक्षक देवेन्द्र कुमार वर्मा, साइबर अपराध थाना, जामताड़ा और अन्य पुलिसकर्मी शामिल किये गये। 

इन अपराधियों की हुई गिरफ्तारी 

गिरफ्तार अपराधियों की गिरफ्तारी करमाटांग के तेलकियारी और मुरलीडीह से की गयी। छापेमारी में महेन्द्र यादव व सुनील यादव दोनों ग्राम तेलकियारी और विशाल कुमार मंडल, ग्राम मुरलीडीह निवासी को गिरफ्तार किया गया है। इनके पास से 11 फर्जी मोबाईल,13 सिम,1 आधार कार्ड, 1 मोटरसाईकिल बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया है कि महाराष्ट्र के अकिल अब्बास, अजमुद्दीन, अश्विनी पासी, पंकज रवानी, रूपाली, विजय दत्तात्रायमान, अजीत कोटिव और कर्नाटक के उमंग गौर से लाखों रुपये की ठगी की गयी है। अपराधियों को जरूरत पड़ने पर महाराष्ट्र पुलिस और कर्नाटक पुलिस को सौंपा जाएगा। फिलहाल तीनों अपराधियों को जेल भेजा जा रहा है।

 

हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -

https://chatwhatsappcom/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn