द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल करते हुए कैशबैक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक जामताड़ा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना की टीम ने छापामारी कर तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उत्क्रमित मध्य विद्यालय कशियाटांड़ के आगे, सिनबार झाड़ी के पास की गई।.jpeg)
पुलिस के अनुसार, थाना प्रभारी राजेश मंडल के निर्देशन में पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, सहायक अवर निरीक्षक ईश्वर मरांडी एवं अन्य पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम ने मौके से हातिम अंसारी (35), बिनोद मंडल (42) एवं नजरूद्दीन अंसारी (30) को गिरफ्तार किया। तीनों आरोपी जिला जामताड़ा के निवासी हैं। उनके पास से 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए गए हैं।.jpeg)
ऐसे करते थे ठगी
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी Magicpin ऐप के नाम पर लोगों को PhonePe में ₹990 कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजते थे। जैसे ही ग्राहक कैशबैक को स्वीकार करता, राशि अपराधियों के Magicpin खाते में ट्रांसफर हो जाती थी। इसके बाद आरोपी उस राशि से गिफ्ट कार्ड खरीदकर कमीशन पर बेच देते थे। यह नेटवर्क देशभर में सक्रिय था।
कानूनी कार्रवाई
इस संबंध में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 04/26 (दिनांक 20.01.2026) दर्ज किया गया है। आरोपियों पर BNS 2023, आईटी एक्ट एवं टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी हातिम अंसारी पूर्व में भी जामताड़ा साइबर अपराध थाना के एक मामले में आरोप पत्रित रह चुका है।