नंदलाल तुरी
चक्रवाती तूफान मोंथा का असर झारखंड में लगातार तीसरे दिन, शुक्रवार को भी देखने को मिला। पाकुड़ में शाम 5 बजे के बाद से शुरू हुई मूसलाधार बारिश रातभर जारी रही और फिलहाल भी बूंदाबांदी जारी है। आसमान में घने काले बादल छाए हुए हैं। बारिश इतनी तेज थी कि जिले के कई इलाकों में जनजीवन पूरी तरह ठप पड़ गया।
लगातार हो रही बारिश से धान की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं। खेतों में पानी भर जाने से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है। वहीं, साइमन मरांडी पेट्रोल पंप और लड्डू बाबू बागान के पास मुख्य सड़क पर एक वाहन का पिछला हिस्सा कीचड़ में धंस गया। काफी मशक्कत और क्रेन की मदद से वाहन को बाहर निकाला गया।
तूफान मोंथा का प्रभाव केवल पाकुड़ तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे राज्य में भारी तबाही मचा रहा है। कई जिलों में पेड़ उखड़ गए हैं, बिजली आपूर्ति बाधित है और सड़कें तालाब में तब्दील हो चुकी हैं। राज्य सरकार अलर्ट पर है। आपदा प्रबंधन विभाग के निर्देश पर प्रशासन ने सभी जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। बारिश और नुकसान का आकलन बारीकी से किया जा रहा है।
