द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग में मोंथा चक्रवात का प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है। पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की चिंताओं में इज़ाफ़ा कर दिया है। इस लगातार वर्षा से जहाँ तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, वहीं खेतों में खड़ी और कटी हुई दोनों प्रकार की फसलों को भारी नुकसान पहुँचा है।
कृषि विभाग के अनुसार, धान, टमाटर, फूलगोभी और मिर्च जैसी फसलें इस बारिश से सर्वाधिक प्रभावित हुई हैं। जिले के ईचाक, पदमा, बरही, दारू, कटकमसांडी और बड़कागांव प्रखंडों के ग्रामीण क्षेत्रों में कई खेतों में पानी भर गया है। इसके कारण धान की फसल गिरकर सड़ने लगी है। कटाई के लिए तैयार फसलें भीगने के कारण खराब होने की स्थिति में पहुँच गई हैं।
किसानों ने बताया कि वे छठ पूजा के बाद धान की कटाई शुरू करने की तैयारी में थे, लेकिन लगातार बारिश ने सारी तैयारियों पर पानी फेर दिया। किसानों को आशंका है कि अगर बारिश इसी तरह दो-तीन दिन और जारी रही, तो उनकी पूरी पैदावार बर्बाद हो सकती है। लगातार फसल नुकसान के कारण किसानों को लाखों रुपये के आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में किसानों ने सरकार और जिला प्रशासन से शीघ्र मुआवजे की मांग की है, ताकि उन्हें राहत मिल सके।
.jpg)