रांची
राज्य में एलपीजी गैस की आपूर्ति को लेकर उत्पन्न स्थिति पर खाद्य आपूर्ति मंत्री इरफान अंसारी ने सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिया कि हर हाल में लंबित डिलीवरी (बैकलॉग) को तुरंत समाप्त करें। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे प्रमुख जिलों में इतनी बड़ी संख्या में बैकलॉग क्यों है। इसे अविलंब दूर करें। मंत्री ने कहा कि 7 से 10 दिनों के भीतर पूरे राज्य में गैस आपूर्ति की स्थिति सामान्य की जाए और सभी लंबित ऑर्डर का निपटारा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही या ढिलाई बरतने वाले एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वह गैस एजेंसी के संचालकों और विभाग के अधिकारियों के साथ एलपीजी सप्लाई की समीक्षा कर रहे थे।

इरफान ने स्पष्ट किया कि रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे जिलों में जहां सबसे अधिक बैकलॉग है, वहां प्राथमिकता के आधार पर लंबित डिलीवरी को तुरंत क्लियर करें। साथ ही एलपीजी की उपलब्धता, मांग और लंबित डिलीवरी की लगातार समीक्षा की जाए ताकि आपूर्ति श्रृंखला सुचारू बनी रहे। उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि धार्मिक अनुष्ठान एवं शादी-विवाह जैसे महत्वपूर्ण अवसरों पर गैस की कोई किल्लत न हो।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कहीं भी सड़क पर अवैध या अनियमित तरीके से सिलेंडर की डिलीवरी पाई जाती है तो संबंधित एजेंसियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा गैस की कालाबाजारी या अनावश्यक स्टॉक करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। इरफान अंसारी ने कहा कि राज्य में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि पैनिक न करें, सभी को समय पर डोर-स्टेप डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी और किसी को भी परेशान होने की जरूरत नहीं है।
.jpg)