logo

हाईकोर्ट का फैसला : संथाल आदिवासी की बेटियों को पिता की संपत्ति में भी हक मिलेगा

संथाल आदिवासी की बेटियों को पिता की संपत्ति में भी हक मिलेगा

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

हाईकोर्ट ने संथाल आदिवासी समुदाय की महिलाओं के पैतृक संपत्ति में अधिकार को लेकर एक अहम फैसला सुनाया है। झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस एम.एस. सोनक और जस्टिस राजेश शंकर की खंडपीठ ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई पक्ष संथाल प्रथा के तहत बेटियों को पिता की संपत्ति से बेदखल करने का दावा करता है तो उसे अदालत में इस प्रथा की निरंतरता और अनिवार्यता को ठोस सबूतों के साथ साबित करना होगा। अदालत ने अपने फैसले में कहा है कि महज पुरानी मान्यताओं के आधार पर संथाल बेटियों को उनके पैतृक हक से वंचित नहीं किया जा सकता। इसी के साथ हाईकोर्ट ने जामताड़ा जिले के कुंडहित स्थित तुर्का गांव के करीब 41 साल पुराने जमीन विवाद पर निचली अपीलीय अदालत के फैसले को बरकरार रखा।

मुकदमें के मूल में क्या था
यह विवाद वर्ष 1985 में शुरू हुआ था जब तुर्का गांव निवासी एक संथाल महिला (वादी) ने अपनी पैतृक संपत्ति (शेड्यूल ‘A’ और ‘B’) पर मालिकाना हक और कब्जे के लिए टाइटल सूट दायर की थी। ट्रायल कोर्ट ने 5 अक्टूबर 1996 को आंशिक आदेश देते हुए महिला को पूरी संपत्ति के बजाय केवल एक-तिहाई हिस्से का मालिक माना था। इसके बाद महिला ने प्रथम अपीलीय अदालत में अपील की जिसने 4 मार्च 2006 को ट्रायल कोर्ट का आदेश संशोधित कर पूरी पैतृक संपत्ति पर महिला का मालिकाना हक स्वीकार कर लिया। इस फैसले के खिलाफ प्रतिवादियों सनातन हेम्ब्रम एवं अन्य ने 2006 में हाईकोर्ट में द्वितीय अपील दायर की एकल पीठों के विरोधाभासी फैसलों के कारण मामला खंडपीठ को भेजा गया।

कोर्ट में क्या हुई बहस
अपीलकर्ताओं के अधिवक्ता जय प्रकाश झा ने दलील दी कि तुर्का गांव में बेटियों को संपत्ति नहीं मिलती और केवल घरजमाई विवाह की स्थिति में ही उत्तराधिकार मिलता है। वहीं वादी पक्ष के वकील अतानु बनर्जी और एमिकस क्यूरी सुमीत गड़ोदिया ने समय के बदलाव तथा सुप्रीम कोर्ट के मधु किश्वर बनाम बिहार राज्य फैसले का हवाला देते हुए समानता के अधिकार की बात रखी। 27 पन्नों के फैसले में खंडपीठ ने अपीलकर्ताओं की दलीलों को खारिज करते हुए सुप्रीम कोर्ट के लक्ष्मीबाई बनाम भगवंतबुवा निर्णय का संदर्भ दिया और कहा कि प्रथा को प्राचीन, निश्चित, उचित और निरंतर साबित करने का भार दावा करने वाले पक्ष पर होता है। वादी पक्ष ने 13 गवाहों और राजस्व दस्तावेजों से बेटियों को संपत्ति मिलने की बात साबित की। कोर्ट ने यह भी स्पष्ट किया कि करण मुर्मू बनाम कमिश्नर संथाल परगना (2004) की टिप्पणी सार्वभौमिक सिद्धांत नहीं है। जबकि नारायण सोरेन बनाम रंजन मुर्मू (2008) सही कानूनी स्थिति दर्शाता है। साथ ही, घरजमाई और दूसरे गांव में निवास के तर्क को भी खारिज करते हुए अपीलीय अदालत का 4 मार्च 2006 का आदेश बहाल रखा गया।


 

Tags - Santal tribalsdaughtersancestral propertyHigh Court