द फॉलोअप डेस्क
79 वें स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाने की तैयारी जिले में जोर-शोर से चल रही है। आज बुधवार को बिरसा मुंडा स्टेडियम, सरायकेला में फुल ड्रेस परेड का अंतिम पूर्वाभ्यास संपन्न हुआ। परेड का निरीक्षण डीसी नितिश कुमार सिंह एवं एसपी मुकेश लूणायत ने किया।
निरीक्षण के बाद डीसी ने तिरंगे को सलामी दी। इस अवसर पर डीसी और एसपी ने मुख्य समारोह की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने को लेकर परेड तथा अन्य तैयारियों से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को प्रदान किये। परेड में जिला सशस्त्र बल की दो टुकड़ियां, सीआरपीएफ की एक टुकड़ी, गृह रक्षा वाहिनी की एक टुकड़ी, केजीबीवी सरायकेला, सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय एवं एनआर स्कूल सरायकेला की एक-एक टुकड़ी शामिल रही।

डीसी ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में स्वतंत्रता दिवस मनाने के लिए मौसम की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एहतियाती एवं अतिरिक्त व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने मैदान समतलीकरण, वाटरप्रूफ स्टॉल एवं वाहन पार्किंग जैसी व्यवस्थाओं को शीघ्र पूरा करने पर बल दिया। एसपी ने परेड में सम्मिलित सभी दलों के प्रयासों की सराहना करते हुए सभी को कदम से कदम मिलाकर स्वतंत्रता दिवस समारोह को उत्साहपूर्वक एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाने की अपील की। इस अवसर पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार, गोपनीय प्रभारी अनिल टूडू सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
