नंदलाल तुरी
पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समाहरणालय में सरदार @150 पदयात्रा के सफल आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, व्यवस्थाओं तथा विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तृत चर्चा हुई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पदयात्रा 24 नवंबर 2025 को सुबह 10:00 बजे सिद्धू–कान्हू पार्क से आरंभ होगी। यात्रा वीआईपी रोड से गुजरते हुए आगे बढ़ेगी। मार्ग में प्रतिभागी भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। पदयात्रा का समापन बैंक कॉलोनी स्टेडियम में होगा, जहां प्रतिभागी लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे।
पदयात्रा में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिले के सभी विद्यालयों के छात्र-छात्राएँ, भारत स्काउट एवं गाइड, एनसीसी कैडेट और एनएसएस स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक शामिल होंगे। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि सरदार @150 पदयात्रा का उद्देश्य राष्ट्रनिर्माण, एकता, अखंडता और सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुँचाना है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया कि पदयात्रा के आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी सुरक्षा एवं आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी की जाएं।
