नंदलाल तुरी
पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार ने बुधवार को लिट्टीपाड़ा प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय कमलघाटी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में परोसे जा रहे मिड-डे-मील की गुणवत्ता, स्वच्छता, पोषण मानक और रसोई व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। बच्चों के साथ बैठकर उपायुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने मिड-डे-मील के पौष्टिक और ताज़ा व्यंजनों का स्वाद लिया और भोजन की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त किया।
उपायुक्त ने बच्चों से पढ़ाई से संबंधित जानकारी ली और उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए कि विद्यार्थियों के सीखने के स्तर, उपस्थिति और शैक्षणिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास जारी रखें। मनीष कुमार ने कहा कि बच्चों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर पोषण जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इसके अतिरिक्त उपायुक्त एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र कमलघाटी और कमलघाटी पंचायत सचिवालय का भी निरीक्षण किया। आंगनबाड़ी केंद्र में पोषाहार वितरण, अभिलेख संधारण और बच्चों की उपस्थिति की स्थिति की समीक्षा की गई। पंचायत सचिवालय में स्वच्छ और सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं को देखकर उपायुक्त ने संतोष व्यक्त किया और संबंधित कर्मियों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों और पंचायत सचिवालयों की व्यवस्थित कार्यप्रणाली ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाती है और सभी कर्मी संवेदनशीलता व जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें।
