logo

सिमडेगा : DC कंचन सिंह ने किया तामड़ा जतरा मेले का उद्घाटन, सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का रहा आकर्षण

yuwrub.jpg

द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा सदर प्रखंड के तामड़ा पंचायत में अघन पंचमी के अवसर पर आयोजित ऐतिहासिक जतरा मेला मंगलवार को विधि-विधान के साथ आरंभ हुआ। सबसे पहले गांव के पहान सोमारू खड़िया और सुकरु खड़िया ने ग्राम देवी की पूजन-अर्चना की और क्षेत्र में सुख-समृद्धि तथा अच्छी फसल की कामना की।
इसके बाद मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी, एसडीओ प्रभात रंजन ज्ञानी और एसडीपीओ बैजू उरांव ने रिबन काटकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया। इस दौरान मेला समिति के अध्यक्ष कुबेर कैथवार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। कार्यक्रम में जज की भूमिका पत्रकार संघ के अध्यक्ष आशीष शास्त्री ने निभाई। उद्घाटन के बाद पारंपरिक सांस्कृतिक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें पांच नृत्य मंडलियों ने भाग लिया। इसमें पहला स्थान सावनाटोली, दूसरा स्थान कोंगसेरा और तीसरा स्थान ऊपर खोइर को प्रदान किया गया।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि 112 वर्षों से लगातार लग रहा यह ऐतिहासिक जतरा मेला वर्ष-दर-वर्ष और अधिक भव्य स्वरूप ले रहा है। भगवान राम और मां जानकी के विवाह पंचमी के अवसर पर आयोजित यह मेला सामाजिक एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह मेला पर्यटन संवर्धन समिति की सूची में शामिल है और जल्द ही सरकार इसके संरक्षण को लेकर अधिसूचना जारी करेगी। साथ ही उन्होंने ‘सेवा का अधिकार सप्ताह’ के तहत सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने लोगों को संबोधित करते हुए सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तुरंत प्रशासन से संपर्क करने की सलाह दी।
मेले में बच्चों और युवाओं के लिए मनोरंजन के अनेक साधन लगाए गए, जिनमें बिजली झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन राइड, नाव झूला, जंपिंग मिकी माउस, खिलौने, मिठाइयाँ, सिंगार व कपड़ों की सैकड़ों दुकानें शामिल थीं। हजारों लोगों की भीड़ उमड़ी और सभी ने मेले का भरपूर आनंद लिया। बुधवार की रात 8 बजे से झारखंड के प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सोमवार की सुबह समापन कार्यक्रम के साथ दो दिवसीय मेला समाप्त होगा।

मेले को सफल बनाने में समिति के संरक्षक शखी ग्वाला, हीरा राम लाल महतो, अध्यक्ष कुबेर कैथवार, उपाध्यक्ष संतोष साहू, राहुल मिश्रा, विकास साहू, सचिव राहुल कैथवार, सुभाष कैथवार, छोटा साहू, ब्रजनाथ कैथवार, अरविंद कैथवार, मुकेश गोप, किशोर माझी, मनोज सिंह, शत्रुघ्न श्रीवास्तव, फूलचंद ठाकुर, जितेंद्र पुरी, मुकेश मिश्रा, अशोक गुप्ता, अशोक केशरी, विजय केशरी सहित सभी पदाधिकारी एवं मीडिया प्रभारी अमन मिश्रा और राजन सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

 

Tags - latest Simdega News Simdega News UpdatesSimdega News in hindi latest Simdega News Simdega updates in hindi latest Simdega news Simdega Updates in hindi Simdega News updates in hindi Simdega News updates latest Simdega news