द फॉलोअप डेस्क
सिमडेगा उपायुक्त कंचन सिंह की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों और सुदूरवर्ती इलाकों से आए लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं उपायुक्त के समक्ष रखीं। उपायुक्त कंचन सिंह ने सभी फरियादियों की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को मामलों के शीघ्र एवं निष्पक्ष निपटारे का निर्देश दिया। जनता दरबार में विभिन्न प्रकार की शिकायतें और आवेदन प्राप्त हुए।
कई फरियादियों ने अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति, रैयती भूमि की रजिस्ट्री आदेश, अबुआ आवास योजना के तहत द्वितीय किस्त का भुगतान, तथा अबुआ आवास योजना का लाभ दिलाने से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। वहीं, कुछ ग्रामीणों ने पंजी-2 में नाम सुधार कर ऑनलाइन लगान रसीद जारी करने की मांग की।
इसके अलावा कई लोगों ने आधार कार्ड में सुधार नहीं होने, जिससे पेंशन योजना में कठिनाई हो रही थी; मईयां सम्मान योजना का लाभ दिलाने, मुआवजा राशि के भुगतान, चिकित्सा सहायता प्रदान करने, तथा निजी भूमि पर बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों पर रोक लगाने जैसे विषयों पर भी अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। कुछ लोगों ने मृत्यु प्रमाण पत्र निर्गत कराने से जुड़ी समस्याएं भी रखीं।
उपायुक्त कंचन सिंह ने उपस्थित सभी विभागीय पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक आवेदन की समीक्षा कर निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य जनता की समस्याओं का समाधान करना है और इसके लिए सभी अधिकारी संवेदनशील होकर कार्य करें।
उपायुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि जनता दरबार जनता और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है, जिससे आम नागरिकों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर समझा और सुलझाया जा सके। जनता दरबार में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
