द फॉलोअप डेस्क
गुमला उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित की अध्यक्षता में आगामी नगर पालिका आम निर्वाचन-2026 के सफल आयोजन के लिए गठित विभिन्न कोषांगों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा संबंधित विभागों द्वारा गठित कोषांगों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस दौरान सहायक निर्वाची पदाधिकारियों (ARO) को भी निर्वाचन कार्यों के सुचारु संचालन हेतु आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। उल्लेखनीय है कि राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड, राँची के निर्देशों के आलोक में गुमला जिला अंतर्गत नगर निकाय निर्वाचन क्षेत्रों में निर्वाचन कार्यों के सफल संचालन तथा शांतिपूर्ण, स्वच्छ, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में निर्वाचन संपन्न कराने के उद्देश्य से विभिन्न कोषांगों के गठन का निदेश प्राप्त हुआ है। तदनुसार जिले में निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, परिवहन कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग सहित अन्य आवश्यक कोषांगों का गठन किया गया है।
सभी कोषांगों के वरीय पदाधिकारियों को निर्गत निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन करते हुए अपने दायित्वों के अनुसार कार्य निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। उपायुक्त सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी कोषांग समयबद्ध एवं व्यापक कार्ययोजना तैयार करें तथा राज्य निर्वाचन आयोग, झारखण्ड, राँची द्वारा समय-समय पर निर्गत आदेशों के अनुरूप निर्वाचन कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि नगर पालिका आम निर्वाचन–2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके। बैठक में उप विकास आयुक्त, गुमला; अपर समाहर्ता, गुमला; डीसीएलआर, गुमला; अनुमंडल पदाधिकारी, गुमला; अनुमंडल पदाधिकारी, चैनपुर; अनुमंडल पदाधिकारी, बसिया; जिला सहायक उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित संबंधित विभागों के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
