logo

पलामू : DC ने की नगर निकायों की समीक्षा, विकास योजनाओं में तेजी लाने और पारदर्शिता बरतने के दिए निर्देश

we5n7new575ey.jpg

द फॉलोअप डेस्क
उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में मंगलवार को जिले के विभिन्न नगर परिषद, नगर पंचायतों और मेदिनीनगर नगर निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं की अद्यतन जानकारी ली गई और संबंधित अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए गए।

डीसी ने सभी नगर निकायों के कार्यपालक पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि स्थानीय लोगों की बेहतरी को ध्यान में रखते हुए योजनाओं को तेजी और पारदर्शिता के साथ क्रियान्वित किया जाए। उन्होंने जुडको द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कार्यों में और गति लाने की बात कही।
मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 23 में निर्माणाधीन इनडोर स्टेडियम की प्रगति रिपोर्ट पर चर्चा करते हुए बताया गया कि कार्यादेश निर्गत होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है और अब तक लगभग 10 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। इसके अलावा अमृत योजना के तहत चल रही परियोजनाओं की भौतिक और वित्तीय स्थिति की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने पीएम आवास शहरी योजना की प्रगति पर भी जानकारी ली और निर्देश दिया कि जिन योजनाओं के टेंडर तो पूरे हो गए हैं, लेकिन संवेदक कार्य प्रारंभ नहीं कर रहे हैं, उन टेंडरों को रद्द कर पुनः टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाए। साथ ही, नगर निगम को अपने क्षेत्र में रेवेन्यू का पुनर्मूल्यांकन (री-एसेसमेंट) करने का निर्देश भी दिया गया।
बैठक के दौरान छत्तरपुर, हुसैनाबाद और हरिहरगंज नगर पंचायतों में किए जा रहे कार्यों की भी समीक्षा की गई। इस दौरान अर्बन वाटर सप्लाई, बस व ऑटो स्टैंड निर्माण हेतु भूमि उपलब्धता, स्ट्रीट लाइट अधिष्ठापन व मरम्मती, साफ-सफाई व्यवस्था, होल्डिंग टैक्स वसूली, प्रॉपर्टी टैक्स, एफएसटीपी, सॉलिड एवं लिक्विड वेस्ट मैनेजमेंट, पार्क निर्माण कार्य आदि बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा हुई।

बैठक में उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी विभाग अपने-अपने कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सुनिश्चित करें ताकि शहरी नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त जावेद हुसैन, मेदिनीनगर नगर निगम के सहायक नगर आयुक्त, सभी संबंधित कार्यपालक पदाधिकारी, अर्बन लोकल बॉडी के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।


 

Tags - latest Jharkhand News Jharkhand News Updates latest palamu news palamu News Updates latest palamu news Updates palamu news in hindi palamu News palamu news updates