द फॉलोअप डेस्क
पाकुड़ जिले के नगर थाना क्षेत्र के प्यादापुर स्थित खेत में एक युवक का शव मिला हैं। मृतक की पहचान लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के सरसा पतरापाड़ा निवासी मनोहर मंडल के रूप में हुई है। जिसकी उम्र 23 वर्ष बताया जा रहा है। शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूत्रों के मुताबिक बताया गया कि युवक डिलीवरी बॉय का काम करता था। सुबह जब कुछ लोग खेत के रास्ते से गुजर रहे थे, इसी दौरान उनकी नजर ताड़ के पेड़ के नीचे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। शव देखते ही लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना नगर थाने को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हालांकि पुलिस को निरीक्षण के दौरान मौके से एक पुड़िया में पाउडर जैसा संदिग्ध पदार्थ भी बरामद हुआ। फिलहाल पुलिस जांच में जुटी है।
