द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक व्यक्ति का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। व्यक्ति की पहचान बिट्टू कुमार के रूप में की गई है। घटना बीती रात की बतायी जा रही है। हालांकि आज सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटे, वहीं परिजनों में भी कोहराम मच गया।.jpeg)
मृतक के परिजनों ने साफ तौर पर हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पत्नी ने अपने बयान में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बिट्टू कुमार के एक करीबी दोस्त ने पहले जमीन के बदले 6 लाख रुपये लिए थे। पत्नी का आरोप है कि उसी व्यक्ति ने कल दोपहर फोन कर बिट्टू को बुलाया और बाद में उसकी जान ले ली।
इस मामले को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधि ने भी गहरी चिंता जाहिर की है। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए कहा कि घटना रात की है, लेकिन आज दिन के 1 बजे तक न तो पोस्टमार्टम हुआ है और न ही पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की गई है, जो बेहद दुखद और लापरवाहीपूर्ण है।.jpg)
वहीं, स्थानीय पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से तहकीकात की जा रही है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है कि आखिर बिट्टू कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई। परिजनों के आरोपों को भी जांच के दायरे में लिया गया है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और लोग जल्द से जल्द सच सामने आने तथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।