logo

रांची के बिरसा जैविक उद्यान की शेरनी प्रियंका की मौत, पोस्टमार्टम में ये वजह आई सामने 

LIONESS.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
राजधानी के आरमांझी स्थित भगवान बिरसा जैविक उद्यान की शेरनी प्रियंका का बुधवार रात निधन हो गया। बताया जा रहा है कि प्रियंका की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए तुरंत उद्यान के पशु चिकित्सक डॉ. ओमप्रकाश साहु के पास ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। 

पोस्टमॉर्टम में हुआ खुलासा 
गुरुवार को रांची पशु चिकित्सा महाविद्यालय के डॉ. एम.के. गुप्ता की अगुवाई में शेरनी का पोस्टमार्टम किया गया। रिपोर्ट में सामने आया कि प्रियंका की मौत बच्चेदानी में संक्रमण के कारण हुई है। शेरनी के विभिन्न अंगों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं, ताकि संक्रमण की प्रकृति का पता लगाया जा सके। डॉ. गुप्ता के मुताबिक प्रियंका एक हाइब्रिड नस्ल की शेरनी थी। इस नस्ल की विशेषता होती है कि इनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता कम होती है और इन्हें संक्रमण का खतरा ज्यादा रहता है। साथ ही इनकी औसत आयु 15 से 16 वर्ष ही होती है। शेरनी प्रियंका की उम्र 15 साल बताई जा रही है। उसे साल 2014 में कर्नाटक के बन्नरघटा चिड़ियाघर से रांची लाया गया था। पोस्टमॉर्टम के समय जैविक उद्यान के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। 

Tags - Jharkhand News Ranchi News Ranchi Latest News Ranchi Hindi News Birsa Biological Park death of lioness