logo

गुजरात : मोरबी पुल हादसे में म'रने वालों की संख्या 134 हुई, 9 लोग हुए गिर'फ्तार

182.jpg

द फॉलोअप टीम

गुजरात के मोरबी में रविवार को हुए केबल सस्पेंशन ब्रिज हादसे में अब तक 134 लोगों की मौत हो चुकी है। पुल हादसे के आरोपियों के खिलाफ भी पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके तहत सोमवार को पुल का रखरखाव की जिम्मेदारी उठाने वाली कंपनी ओरेवा के कर्मचारी व कांट्रेक्टर सहित कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें कंपनी के दो मैनेजर, हाल ही में ब्रिज की रिपेयरिंग करने वाले दो कांट्रेक्टर, दो टिकट क्लर्क और तीन सिक्योरिटी गार्ड शामिल हैं। इस संबंध में राजकोट रेंज के आईजी अशोक कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 50 लोगों की टीम मामले की जांच कर रही है। वहीं, पत्रकारों ने यह सवाल किया कि इस हादसे के लिए जिम्मेदार बड़े लोगों को कब तक गिरफ्तार किया जाएगा। इस पर उन्होंने कहा कि जिनकी भूमिका सामने आई है उन्हें गिरफ्तार किया गया। अब जैसे-जैसे नाम सामने आते जाएंगे उस आधार पर लोगों की गिरफ्तारियां होती जाएंगी।

170 की हुई रेस्क्यू

मोरबी पुल हादसे में कुल 170 लोगों को रेस्क्यू करने की बात सामने आ रही है। हालांकि मृतकों की संख्या सोमवार की सुबह तक ही 134 पहुंच गई। माना जा रहा है कि इस संख्या में और भी बढ़ोत्तरी हो सकती है। वैसे अभी तक जिनके शव बरामद हुए उनमें 45 ऐसे हैं जिनकी उम्र 18 साल से कम है। मृतकों में महिलाओं और बुजुर्गों की संख्या अधिक बताई जा रही है।

वर्ष 1880 में बना था पुल

मोरबी के सस्पेंशन ब्रिज की लंबाई करीब 765 फीट है। यह पूरे देश के लिए ऐतिहासिक धरोहर माना जाता है। दरअसल इस ब्रिज का निर्माण लगभग 3.5 लाख की लागत से वर्ष 1880 में हुआ था। तब पुल बनाने का पूरा सामान इंग्लैंड से ही मंगाया गया था। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद से कई बार इस पुल का रेनोवेशन किया जा चुका है। हाल ही में 2 करोड़ की लागत से भी रेनोवेशन किया गया है। फिलहाल ब्रिज के मेंटेनेंस की जिम्मेदारी ओरेवा ग्रुप के पास है। मोरबी नगर पालिका के साथ इस ग्रुप ने मार्च 2022 से मार्च 2037 यानी 15 साल के लिए समझौता किया है। इसके तहत ग्रुप के पास ब्रिज की सुरक्षा, सफाई, रखरखाव, टोल वसूलने और स्टाफ प्रबंधन की जिम्मेदारी है। पुल को 25 अक्टूबर को आम लोगों के लिए खोला गया था।

अब तक के अपडेट पर एक नजर

- पुलिस ने कुल 9 लोगों को गिरफ्तार किया।

- मामले में धारा 304, 308 व 114 के तहत केस दर्ज।

- बिना फिटनेस सर्टिफिकेट के खोला गया था सस्पेंशन पुल।

- ब्रिज का पुराना केबल भारी दबाव से टूटा।

- मारे गए लोगों का पोस्टमॉर्टम नहीं, गुजरात सरकार ने लिया निणर्य।

- भाजपा सांसद मोहनभाई कुंडारिया के परिवार के 12 लोग मरे।

- हेल्पलाइन नंबर 02822243300 की गई जारी।

- मोरबी और राजकोट हॉस्पिटल में बनाया गया इमरजेंसी वार्ड ।