logo

Ranchi : मानसिक दिवालियेपन का शिकार हैं कांग्रेस के नेता, राष्ट्रपति पर टिप्पणी अशोभनीय: दीपक प्रकाश

a1416.jpg

रांची: 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी के आपत्तिजनक बयान को लेकर झारखंड बीजेपी के नेताओं ने प्रदर्शन किया। विरोध प्रदर्शन में शामिल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कांग्रेस पार्टी की जमकर आलोचना की। दीपक प्रकाश ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेता मानसिक दिवालिएपन का शिकार हो चुके हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महामहिम राष्ट्रपति पर अधीर रंजन चौधरी ने जो टिप्पणी की उससे कांग्रेस का चाल, चरित्र और चेहरा उजागर हुआ है। 

राष्ट्रपति पर टिप्पणी नारी शक्ति का अपमान! 
दीपक प्रकाश ने कहा कि अधीर रंजन चौधरी पहले भी एक आदिवासी महिला के बारे में अपमानजनक टिप्पणी कर चुके हैं। प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने कहा कि आदिवासी समुदाय की एक महिला राष्ट्रपति बनी है, ये बात कांग्रेस पार्टी पचा नहीं पा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता का बयान देश की नारी शक्ति का अपमान है। कांग्रेस को पूरे देश से माफी मांगनी चाहिए। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर आपत्तिजनक टिप्पणी
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल से कांग्रेस पार्टी के नेता और लोकसभा में पार्टी की ओर से सदन नेता अधीर रंजन चौधरी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू पर आपत्तिजनक टिप्पणी की। उन्होंने द्रौपदी मुर्मू के लिए राष्ट्रपत्नी शब्द का इस्तेमाल किया। बाद में सफाई देते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि उनकी जुबान फिसल गई थी। माफी मांगने का सवाल ही पैदा नहीं होता। जब कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अधीर पहले ही माफी मांग चुके हैं।

 

कई केंद्रीय मंत्रियों ने बयान को शर्मनाक कहा
दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी प्रदर्शन किया। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी, केंद्रीय संसदीय कार्यमंत्री प्रह्लाद जोशी, बीजेपी सांसद रमा देवी, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने अधीर रंजन चौधरी के बयान को शर्मनाक बताया और कांग्रेस पार्टी से माफी की मांग की। झारखंड में बीजेपी गंगोत्री कुजूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी महिला विरोधी है।