logo

Ranchi : भ्रष्ट अधिकारियों की नब्ज पकड़ो तो तिलमिला जाता है झारखंड मुक्ति मोर्चा- दीपक प्रकाश

A4.jpg

रांची: 

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सह राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने मंगलवार को आयोजित एक कार्यक्रम में प्रवीण सिंह और ताला मरांडी का भारतीय जनता पार्टी में स्वागत किया। कहा कि मैं दोनों को पार्टी में लौट आने पर बधाई देता हूं। दीपक प्रकाश ने कहा कि बीजेपी दरअसल, झारखंड की माटी की पार्टी है। एक बार जो इस पार्टी में काम कर लेता है वो इसी माटी का होकर रह जाता है। परिवार है तो अनबन होती है। अनबन की वजह से लोग चले जाते हैं लेकिन कभी ना कभी वापस जरूर आते हैं। 

झारखंड में चल रहा रावण राज! 
दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड में रावण का राज चल रहा है। यहां रामराज्य लाने के लिए सेना बनानी होगी। झारखंड में मौजूदा सरकार के संरक्षण में जनता से अन्याय हो रहा है। हमें न्याय की लड़ाई लड़नी है। पार्टी को मजबूत करना है। दीपक प्रकाश ने कहा कि ताला मरांडी और प्रवीण सिंह की वापसी से पार्टी को और मजबूती मिलेगी। हमारी आवाज में और मुखरता आएगी। बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड में जनता की जमीर को भी लूटा जा रहा है। हमें एकजुट होकर इसके विरुद्ध खड़े होना होगा। 

झारखंडी कहलाने में लगता है शर्म! 
राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने कहा कि झारखंड के आम लोगों का हाल बुरा है। दूसरे प्रदेशों में रह रहे लोगों को भी खुद को झारखंडी कहलाने में शर्मिंदगी महसूस होती है। दीपक प्रकाश ने कहा कि जिस राज्य में महिलाओं के साथ सबसे ज्यादा बलात्कार की घटना होती हो।

जहां सरेआम लोगों की तो छोड़िए न्यायिक सेवा के शीर्ष पर बैठे लोगों की हत्या कर दी जाती है। जहां नक्सली दिनदहाड़े तांडव मचाते हों। उस राज्य का होने में लोगों को शर्मिंदगी तो महसूस होगी ही।

 

भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई से परेशानी! 
दीपक प्रकाश ने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई होती तो पार्टी विशेष तिलमिला जाता है। मुख्यमंत्री भ्रष्ट अधिकारियों के साथ खड़े हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि मैंने हाल ही में पीएम मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात कर उनको राज्य की परिस्थितियों से अवगत करवाया। उनको बताया कि केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं का झारखंड में क्या हाल हुआ है।

राशन योजना में बंदरबांट हो जाता है। वैक्सीन की बर्बादी कर दी जाती है। कई योजनाओं को लागू ही नहीं किया जाता। विकास के मामले में झारखंड की स्थिति चरमरा गई है। परिस्थितियां बेहद विषम है। 

भ्रष्टाचार में लिप्त है पूरा सोरेन परिवार
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित पूरा सोरेन परिवार भ्रष्टाचार में लिप्त है। सरकार के नाम पर केवल एक परिवार और उनके चाहने वालों को भला किया जा रहा है। पलामू के उपायुक्त ने अपनी सास और साली के नाम पर माइनिंग लीज आवंटित करा लिया। कहा कि राज्य की स्थिति भयावह हो चली है। राम राज्य की स्थापना के लिए सहयोग चाहिए। उन्होंने कहा कि संघर्ष ही बीजेपी का लक्ष्य रहा है। तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं का एक मकसद है, आमजन का कल्याण।