द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
दिल्ली में वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने रांची के कांके स्थित सुहाना सिटी में छापेमारी की। स्थानीय पुलिस के सहयोग से मुख्य आरोपी समीर अंसारी के आवास पर हुई कार्रवाई में दो थार और चार मोटरसाइकिल बरामद की गईं। पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य ट्रैवल एजेंसियों से फर्जी आधार कार्ड और पहचान पत्रों के आधार पर चारपहिया वाहन किराये पर लेते थे और फिर उन्हें लेकर फरार हो जाते थे। पिछले करीब आठ महीनों से चल रहे इस कथित खेल में सैकड़ों वाहनों को निशाना बनाने की बात सामने आई है। चोरी के बाद गाड़ियों की नंबर प्लेट बदल दी जाती थी और फिर उन्हें बेच दिया जाता था या कबाड़ में खपा दिया जाता था।

GPS की मदद से कांके पहुंची दिल्ली पुलिस
गिरोह तक पहुंचने के लिए दिल्ली पुलिस ने जीपीएस से लैस एक वाहन ट्रैवल एजेंसी के माध्यम से किराये पर लगवाया था। आरोप है कि गिरोह के सदस्य उस वाहन को भी लेकर कांके स्थित समीर अंसारी के घर पहुंच गए। जीपीएस लोकेशन के आधार पर पुलिस ने रात करीब तीन बजे से इलाके में निगरानी शुरू की और सुबह पांच बजे कांके पुलिस के साथ छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, घर का दरवाजा खटखटाने के बावजूद करीब दो घंटे तक उसे नहीं खोला गया। इसी दौरान समीर पिछले दरवाजे से निकलकर धान के खेत की ओर भाग गया। पुलिस ने उसका पीछा किया, लेकिन वह पकड़ में नहीं आया। उसके परिजनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

फर्जी नंबर प्लेट और कथित नकली पासपोर्ट बरामद
छापेमारी में बरामद दो थार और चार मोटरसाइकिल पर दिल्ली के फर्जी नंबर प्लेट लगे होने की बात पुलिस ने कही है। इसके अलावा समीर के नाम से जुड़े एक कथित फर्जी पासपोर्ट के मिलने का भी दावा किया गया है। पुलिस के मुताबिक, पासपोर्ट पर समीर की तस्वीर थी, लेकिन नाम किसी अन्य व्यक्ति का दर्ज था। जांच एजेंसी का दावा है कि इसी पासपोर्ट के जरिए वह कथित तौर पर चोरी के पैसों से दुबई भी जा चुका है। फिलहाल दिल्ली पुलिस और कांके पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हैं। साथ ही बरामद वाहनों, कथित फर्जी दस्तावेजों और गिरोह के अन्य सदस्यों की भूमिका की जांच की जा रही है।