पोटका :
Potka News: बादामपहाड़-पुरी नई रेल सेवा शुरू होने की घोषणा से क्षेत्र के लोगों में जगी उम्मीदों के बीच हल्दीपोखर और सिदिरसाई स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव का मुद्दा गरमा गया है। दोनों स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित करने की मांग को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा की पोटका प्रखंड समिति ने हल्दीपोखर में धरना-प्रदर्शन किया। इसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान रेलवे से दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव देने की मांग की गयी। धरना को संबोधित करते हुए पोटका विधायक संजीव सरदार ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं हुई तो झामुमो आंदोलन को और तेज करेगा।

तीन लाख आबादी को रेल सुविधा से जोड़ने की मांग
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से बादामपहाड़ और पुरी के बीच नई रेल सेवा शुरू करने का फैसला स्वागतयोग्य है, लेकिन टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर स्थित हल्दीपोखर और सिदिरसाई स्टेशन पर ठहराव नहीं देना क्षेत्र की जनता के साथ सौतेला व्यवहार है। उन्होंने कहा कि हल्दीपोखर, सिदिरसाई और आसपास के गांवों की करीब तीन लाख आबादी इस रेल सेवा से बेहतर यातायात सुविधा मिलने की उम्मीद लगाये बैठी है। क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा, शिक्षा और भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए पुरीधाम जाने की जरूरत पड़ती है। ऐसे में नई ट्रेन का ठहराव नहीं होने से स्थानीय लोगों को इसका अपेक्षित लाभ नहीं मिल पायेगा।

ठहराव नहीं मिला तो दिल्ली तक उठेगी आवाज, आंदोलन की चेतावनी
उन्होंने कहा कि रेल सेवा का वास्तविक लाभ तभी है, जब रेलखंड से जुड़े स्थानीय लोगों को भी इसका फायदा मिले। यह महज ट्रेन के ठहराव का मामला नहीं, बल्कि तीन लाख लोगों की सुविधा और अधिकार से जुड़ा सवाल है। झामुमो इस मांग को स्थानीय स्तर से लेकर दिल्ली तक उठाएगा। विधायक ने स्पष्ट किया कि दोनों स्टेशनों पर ठहराव सुनिश्चित नहीं होने पर पार्टी उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।

भाजपा नेताओं से केंद्र और रेल मंत्रालय के समक्ष मांग उठाने की अपील
विधायक ने इस दौरान भाजपा नेताओं पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ नेता रेलवे स्टेशन पर प्रदूषण के मुद्दे को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन रेलवे में ठहराव जैसे बुनियादी सवाल पर ठोस पहल की जरूरत है। रेलवे केंद्र सरकार के अधीन है और केंद्र में भाजपा की सरकार है। क्षेत्र के सांसद भी भाजपा से हैं। ऐसे में भाजपा नेताओं को जनता को आश्वासन देने के बजाय केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी ढंग से मांग उठानी चाहिए। उन्होंने कहा कि झामुमो जनता की आवाज बनकर दोनों स्टेशनों पर ट्रेन का ठहराव सुनिश्चित कराने की लड़ाई जारी रखेगा।
धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में ग्रामीण और झामुमो कार्यकर्ता शामिल
धरना-प्रदर्शन में झामुमो नेता सुनील महतो, बबलू चौधरी, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो, मुखिया बाघराय सोरेन, मुखिया कार्तिक मुर्मू, पंचायत समिति सदस्य दुखु मार्डी, प्रखंड अध्यक्ष सुधीर सोरेन, उपमुखिया ओमप्रकाश गुप्ता, विद्यसागर दास, हितेश भगत, भुवनेश्वर सरदार, चक्रधर महतो, भूपति महतो और जिकरुल होदा समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।