logo

Budget Session 2022 : कोरोना काल में केंद्र ने झारखंड से सौतेला व्यवहार किया: बन्ना गुप्ता

bannagupta3.jpg

रांची: 

विधानसभा से वित्तीय वर्ष 2022-23 के लिए स्वास्थ्य विभाग का 5618 करोड़ रुपये का अनुदान मांग ध्वनिमत से पारित हुआ। विपक्ष ने सरकार के उत्तर के समय सदन का बहिष्कार किया। विपक्ष के कटौती प्रस्ताव का जवाब देते हुए स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि कोरोना काल मे केंद्र सरकार ने झारखंड के साथ सौतेले बेटे जैसा व्यवहार किया। 

बन्ना गुप्ता ने विपक्ष की आलोचना की
बन्ना गुप्ता ने कहा कि विपक्ष को हर बात में पेट मे दर्द होने लगता है। बात बजट की होती है तो उसमें भी पार्टी के कार्यक्रम के बातों को उठाते हैं और सदन में कहते हैं कि बन्ना गुप्ता ने ऐसा कहा, वैसा कहा।

हमारे पास आंतरिक लोकतंत्र हैं। उसमें हम कुछ कहते हैं तो विपक्ष का पेट फूलने लगता है। कहा कि भानुप्रताप शाही सरकार को नैतिकता का पाठ पढ़ा रहे हैं। कहा कि सूप बोले तो बोले चलनी भी बोलने लगा जिसमे 72 छेद है। भानु प्रताप शाही पर सीबीआई में मामला चल रहा है। स्वास्थ्य मंत्री रहते उन्होंने जो घोटाला किया था उसी की जांच सीबीआई कर रही है। 

भानुप्रताप शाही पर बरसे बन्ना गुप्ता
बन्ना गुप्ता ने कहा कि दवा घोटाला किया था। झारखंड के बड़े घोटाले से एक है दवा घोटाला। उन्होंने कहा कि जितने भी घोटाले हुए हैं उसका यह सरकार ऑपरेशन कराएगी, किसी को बख्शा नहीं जाएगा। कहा कि जिसने 18 वर्षों तक झारखंड को बर्बाद किया वही हमें सीख दे रहे हैं। मंत्री ने कहा कि मैनपॉवर की कमी है हम इसे मानते हैं। बहुत जल्द मैन पावर की कमी दूर होगी। जेपीएससी को डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए अधियाचना भेज दी गयी है। अन्य पदों पर भी बहुत जल्द नियुक्ति करेंगे।

बन्ना गुप्ता ने ट्रामा सेंटर बनाने की जानकारी दी
बहरागोड़ा, घाटशिला, रामगढ़, गिरिडीह, बगोदर, बरही, हजारीबाग, नगर ऊंटारी, कोडरमा में नया ट्रामा सेंटर बनेगा। राज्य के सभी सदर अस्पतालों में उपकरण खरीद के लिए राशि दी जा चुकी है। रिम्स और दुमका मेडिकल कॉलेज में कोवाड 6800 मशीन अधिष्ठापित किया गया है। कहा कि आनेवाले एक दो वर्षों में नया स्वास्थ्य विभाग दिखेगा।