जामताड़ा
जामताड़ा पुलिस को अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बहुत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक (SP) शंभु कुमार सिंह के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) ने देवघर, दुमका और जामताड़ा जिले के मोस्ट वांटेड अपराधी फिरोज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से एक अवैध देशी कट्टा, जिंदा कारतूस और लूटे गए आभूषण बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार अपराधी पर हत्या, लूट, डकैती और अपहरण जैसे संगीन अपराधों के कुल 18 मामले दर्ज हैं। वहीं पुलिस को मिली इस बड़ी कामयाबी को लेकर नाला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) किशोर तिर्की और साइबर डीएसपी अमित कुमार रविदास ने पूरे मामले का खुलासा किया।

चांदी के आभूषण जब्त किए
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए एसडीपीओ ने बताया कि 08 जून 2026 को जामताड़ा एसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि एक शातिर अपराधी लाल रंग की मोटरसाइकिल से बीचकोड़ा (फतेहपुर) की तरफ से होते हुए दुमका की ओर जा रहा है। सूचना मिलते ही उनके नेतृत्व में गठित SIT टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बनगढ़ी पुल के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया। सुबह करीब 09:40 बजे पुलिस बल को सामने देखकर मोटरसाइकिल चालक ने गाड़ी घुमाकर भागने की कोशिश की। लेकिन पहले से ही मुस्तैद पुलिस के जवानों ने तत्परता दिखाते हुए उसे चारों तरफ से खदेड़ कर दबोच लिया। इसके बाद पुलिस ने उससे कड़ाई से पूछताछ की तो उसने अपना नाम फिरोज अंसारी, पिता सिकन्दर अंसारी, निवासी तुलसडाबर, थाना चित्रा, जिला देवघर बताया। गिरफ्तार अभियुक्त की जब विधिवत तलाशी ली गई, तो उसके पास से हथियार और लूट का सामान बरामद हुआ। पुलिस ने उसके पास से 01 देशी कट्टा, 02 जिंदा गोली, 01 लाल रंग की मोटरसाइकिल और करीब 100 ग्राम चांदी के आभूषण जब्त किए हैं। इस संबंध में फतेहपुर थाना में कांड संख्या 0-21/26 के तहत आर्म्स एक्ट एवं अन्य सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

आम जनता ने राहत की सांस ली
इस गिरफ्तारी से हाल ही में हुई एक बड़ी लूट का भी खुलासा हुआ है। बीते 29 मई की रात फतेहपुर बाजार में मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने स्वर्ण व्यवसायी अमरजीत वर्मण से हथियार के बल पर नगदी और सोने-चांदी के जेवरातों से भरा बैग लूट लिया था। पुलिस की कड़ी पूछताछ में फिरोज अंसारी ने इस कांड में अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया था। पुलिस अब उसके फरार साथियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। गौरतलब हो कि फिरोज अंसारी बेहद शातिर और अंतर-जिला गिरोह का सदस्य है। पुलिस द्वारा जारी सूची के अनुसार, देवघर जिला के चित्रा, पालाजोरी, सारठ, जामताड़ा जिले के बिन्दपाथार, फतेहपुर और दुमका जिले के मसलिया थाने में इसके खिलाफ हत्या, लूट, अपहरण और डकैती जैसे 18 गंभीर मामले दर्ज हैं। इसकी गिरफ्तारी से क्षेत्र के व्यवसायियों और आम जनता ने राहत की सांस ली है। इस अभियान को सफलतापूर्वक अंजाम देने वाली SIT टीम में मुख्य रूप से नाला SDPO किशोर तिर्की, पु०नि० बिहारी मरांडी (नाला-सह-कुण्डहित प्रभाग), फतेहपुर थाना प्रभारी अमर सिंह तापेए, कुण्डहित थाना प्रभारी प्रदीप कुमार, फतेहपुर थाने के प्रसाद हेम्ब्रम, गोपीकान्त महतो तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसपी ने पूरी टीम की सराहना की है।
