द फॉलोअप डेस्क
पिछले हेमंत सरकार द्वारा हजारीबाग जिले के बड़कागांव प्रखंड के चार पर्यटन स्थलों के विकास और जीर्णोद्धार की प्रक्रिया शुरू की गई है। इस संदर्भ में हाल ही में बड़कागांव प्रखंड के पंकरी बरवाडीह गांव स्थित राष्ट्रीय घोषित पर्यटन स्थल मेगालिथ इक्विनोक्स का निरीक्षण हजारीबाग जिला योजना पदाधिकारी पंकज तिवारी द्वारा किया गया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से स्थल के विकास संबंधी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। जिला पदाधिकारी ने उपस्थित ग्रामीणों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मेगालिथ स्थल को संरक्षण और सुंदरीकरण के लिए किन-किन रैयतों की कितनी जमीन जाएगी, इसे पहले मापी करने की बात कही। इसके लिए उन्होंने सात ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।
ग्रामीणों ने बताया कि यह रैयती भूमि है, और मुआवजा तथा रोजगार देने की शर्त पर ही वे जमीन देने और मापी करवाने पर विचार करेंगे। इस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि सरकार की ओर से किसी भी प्रकार की जबरन जमीन अधिग्रहण नहीं होगी, और किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं की जाएगी। यह प्रक्रिया केवल ग्रामीणों की सहमति से ही होगी।
अधिकारी ने कहा कि इस योजना के लिए मुआवजा का बजट अभी तक नहीं तैयार किया गया है। हम इसे शीर्ष अधिकारियों के पास भेजेंगे और वहां से मुआवजा की विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के बाद ही इसे सार्वजनिक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी प्रकार का आश्वासन देना फिलहाल जल्दबाजी होगी।
पंकज तिवारी ने ग्रामीणों से यह भी कहा कि वे अपनी जमीन मेगालिथ स्थल के विकास के लिए दें, और रैयत ही वहां सभी प्रकार का देखभाल और रखरखाव करें, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार मिल सके। उन्होंने कहा कि मेगालिथ स्थल के विकास से न केवल क्षेत्र का ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व बढ़ेगा, बल्कि यह पर्यटन के लिहाज से भी लाभकारी होगा।
इस मौके पर मुखिया बिमला देवी, संवेदक और झामुमो प्रखंड अध्यक्ष संजय सिंह, मुखिया प्रतिनिधि राजकुमार साव, विवेक सोनी, ग्रामीण डुभन साव, हिरामण साव, संतोष कुमार साव, तिलेश्वर कुमार, निर्मल कुमार, दिनेश कुमार, प्रेम साव, रामचन्द्र कुमार राणा, राजु कुमार राणा, ओमप्रकाश कुमार रौशन, प्रभु राम, बैजनाथ साव सहित दर्जनों लोग उपस्थित थे।
ज्ञात हो कि पिछले हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में बड़कागांव प्रखंड के पंकरी बरवाडीह गांव स्थित मेगालिथ इक्विनोक्स स्थल को राष्ट्रीय स्तर का पर्यटन स्थल और गुफा, परसों पानी एवं महुदी पहाड़ के बुढ़वा महादेव को राज्य स्तरीय पर्यटन स्थल घोषित किया गया था। इन पर्यटन स्थलों के विकास के लिए अधिकारियों का दौरा और निरीक्षण करते हुए कार्य योजना तैयार की जा रही है। 4 सितंबर को सहायक आयुक्त आनंद शर्मा ने बड़कागांव प्रखंड विकास पदाधिकारी जितेंद्र कुमार मंडल के साथ उक्त चारों पर्यटन स्थलों का अवलोकन किया और कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे।
