logo

देवेंद्र नाथ महतो ने फेसबुक बायो से हटाया JLKM उपाध्यक्ष का पद, जयराम महतो से दूरी की चर्चा तेज

देवेंद्र नाथ महतो ने फेसबुक बायो से हटाया JLKM उपाध्यक्ष का पद, जयराम महतो से दूरी की चर्चा तेज

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड की युवा राजनीति और झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है। पार्टी के वरीय उपाध्यक्ष और छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट के बायो से ‘JLKM वरीय उपाध्यक्ष’ का पद हटा दिया है। अब उनके बायो में ‘समाजसेवी’ और ‘स्टूडेंट लीडर’ लिखा हुआ है। इस बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है कि क्या देवेंद्र नाथ महतो JLKM से अलग होने की तैयारी में हैं।

भर्ती सुधार यात्रा के बीच सोशल मीडिया में बदलाव

देवेंद्र नाथ महतो इन दिनों झारखंड के 24 जिलों में ‘JPSC-JSSC भर्ती सुधार यात्रा’ पर निकले हुए हैं। युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर यह यात्रा चल रही है। इसी दौरान उनके सोशल मीडिया बायो से पार्टी के उपाध्यक्ष पद का हटना चर्चा का विषय बन गया है।

इस बदलाव को लेकर तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे हैं। कुछ लोग इसे पार्टी के भीतर संभावित मतभेद से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कुछ का मानना है कि देवेंद्र नाथ महतो अपनी राजनीतिक पहचान को पार्टी से अलग एक स्वतंत्र छात्र और सामाजिक नेता के रूप में मजबूत करना चाहते हैं।

जयराम महतो और देवेंद्र नाथ महतो के रिश्तों पर नजर

JLKM प्रमुख जयराम महतो और देवेंद्र नाथ महतो को झारखंड के छात्र आंदोलन और नई राजनीतिक धारा से जुड़े प्रमुख चेहरों के रूप में देखा जाता रहा है। ऐसे में देवेंद्र के फेसबुक बायो में बदलाव के बाद दोनों नेताओं के बीच दूरी या मतभेद की चर्चाएं भी तेज हो गई हैं। हालांकि, अभी तक देवेंद्र नाथ महतो या JLKM नेतृत्व की ओर से इस बदलाव को लेकर कोई स्पष्ट आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। इसलिए फिलहाल पार्टी से अलग होने या किसी विवाद की बात को केवल अटकल के तौर पर ही देखा जा सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि देवेंद्र नाथ महतो या JLKM नेतृत्व इस पूरे मामले पर आगे क्या प्रतिक्रिया देता है।

Tags - JharkhandPoliticsDevendraNathMahtoJLKMJairamMahtoJharkhandYouthPolitics