द फॉलोअप, धनबाद
धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जहां भाजपा एससी मोर्चा के पूर्व जिलाध्यक्ष अमृत दास का शव उनके घर से बरामद हुआ। यह घटना उपर बाजार इलाके की है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।

परिजनों ने पत्नियों पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक के परिवार ने इस मामले में गंभीर आरोप लगाए हैं। मां और बहन का कहना है कि अमृत दास की शादी दो सगी बहनों से हुई थी और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। परिजनों का आरोप है कि इसी विवाद के चलते दोनों पत्नियों ने मिलकर उनकी हत्या की है। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सभी एंगल से कर रही जांच, रिपोर्ट का इंतजार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, घटना से एक दिन पहले अमृत दास अपनी दूसरी पत्नी को बाजार ले गए थे, जिसके बाद घर में विवाद बढ़ गया था। वहीं गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद रावत ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।