logo

गैंगस्टर प्रिंस खान की चुनौती पर सियासत तेज, भाजपा प्रवक्ता अजय शाह ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

AJAY_SHAH.jpg

द फॉलोअप डेस्क

झारखंड के धनबाद में एक गैंगस्टर द्वारा वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को खुलेआम चुनौती देने का मामला अब सियासी रंग लेता जा रहा है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अजय शाह ने इस घटना को लेकर राज्य की कानून-व्यवस्था और पुलिस तंत्र पर गंभीर सवाल उठाए हैं। अजय शाह ने अपने बयान में कहा कि आमतौर पर देश में बड़े से बड़ा अपराधी भी सीधे पुलिस तंत्र से टकराने से बचता है। अपराध जगत में यह स्थापित धारणा रही है कि गैंगस्टर पुलिस से सीधी दुश्मनी लेने के बजाय उससे दूरी बनाए रखते हैं या फिर सांठगांठ के जरिए अपने काम को अंजाम देते हैं। अपराधी कॉन्सटेब्ल्व तक से सीधे सीधे नहीं भिड़ते है आईपीएस से भिड़ना तो बहुत दूर की बात है। लेकिन धनबाद में जिस तरह गैंगस्टर प्रिंस खान ने वीडियो जारी कर धनबाद एसएसपी को कथित तौर पर धमकी दी है, वह बेहद गंभीर स्थिति को दर्शाता है।

अधिकारी कोयले के अवैध कारोबार में उलझे हैं

उन्होंने कहा कि यह घटना केवल एक अधिकारी पर हमला नहीं है, बल्कि पूरे पुलिस तंत्र की साख पर सवाल खड़ा करती है। उनके मुताबिक, इससे यह संकेत मिलता है कि अपराधियों के मन में कानून और पुलिस का भय कम होता जा रहा है। भाजपा प्रवक्ता ने आगे आरोप लगाया कि राज्य में कुछ जगहों पर पुलिस व्यवस्था की प्राथमिकताएं बदलती नजर आ रही हैं। उनका कहना है कि जब पुलिस की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं और उसे अवैध गतिविधियों से जोड़कर देखा जाने लगता है, तो आम जनता के साथ-साथ अपराधियों के मन से भी वर्दी का सम्मान और डर कम हो जाता है। अजय शाह ने कहा कि जब कोई अधिकारी पुलिस का काम करने के बजाए ख़ुद कोयले के अवैध कारोबार में सुबह से शाम तक उलझ रहेगा तो गैंगस्टर उन्हें अपनी तरह ही समझने लगते है। गैंगस्टर को लगता है कि पुलिस भी उनकी तरह ही कोयले के अवैध धंधे में लिप्त है बस अंतर सिर्फ़ वर्दी का है और वहीं पुलिस का ख़ौफ़ ख़त्म हो जाता है। 

पुलिस तंत्र की विश्वसनीयता बहाल करने की मांग

अजय शाह ने कहा कि ऐसी स्थिति किसी एक जिले या अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे सिस्टम के कमजोर पड़ने का संकेत है। उन्होंने राज्य सरकार से इस मामले में सख्त कार्रवाई करने और पुलिस तंत्र की विश्वसनीयता बहाल करने की मांग की है। गौरतलब है कि धनबाद में हाल ही में सामने आए इस मामले ने कानून-व्यवस्था को लेकर नई बहस छेड़ दी है। विपक्ष जहां इसे प्रशासन की विफलता बता रहा है, वहीं आम जनता के बीच भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ती दिखाई दे रही है।


 

Tags - Dhanbad Jharkhand Prince Khan BJP Law and Order