द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के धनबाद जिले में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। पहले से दो शादियां कर चुके एक व्यक्ति की तीसरी शादी की तैयारी उस समय धरी की धरी रह गई, जब उसकी दूसरी पत्नी ने थाने पहुंचकर विरोध दर्ज करा दिया। मामला बाघमारा थाना क्षेत्र का है, जहां तीसरे निकाह के लिए पहुंची बारात को आखिरकार बिना निकाह के ही लौटना पड़ा। इस घटनाक्रम को लेकर इलाके में देर रात तक चर्चा होती रही। जानकारी के अनुसार, हजारीबाग जिले के बरकठा थाना क्षेत्र के बर्मी गांव निवासी मंजूर अंसारी बाघमारा के लुतीपहाड़ी क्षेत्र में तीसरा निकाह करने पहुंचे थे। इसी बीच उनकी दूसरी पत्नी आसमीन परवीन को इसकी जानकारी मिली। उन्होंने बाघमारा थाना पहुंचकर पति के तीसरे निकाह का विरोध किया और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया। पत्नी की शिकायत के बाद मामला अचानक चर्चा का विषय बन गया।

दूसरी पत्नी ने लगाए जानकारी छिपाने के आरोप
आसमीन परवीन ने पुलिस को बताया कि वर्ष 2019 में उनका निकाह मंजूर अंसारी के साथ इस्लामिक रीति-रिवाज से हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि निकाह के समय उनके परिवार को यह जानकारी नहीं दी गई थी कि मंजूर अंसारी की पहले से एक पत्नी है। आसमीन का कहना है कि शादी के बाद उन्हें इस बात की जानकारी मिली। अब जब उन्हें पति की तीसरी शादी की भनक लगी तो उन्होंने इसका विरोध करने का फैसला किया।

विरोध के बाद बिना निकाह लौट गई बारात
पत्नी के विरोध और पुलिस की दखल के बाद तीसरे निकाह की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी। बताया जा रहा है कि जिस युवती से निकाह होना था, उसके परिवार को भी पूरे मामले की जानकारी दी गई। इसके बाद बारात को बिना निकाह के ही वापस लौटना पड़ा। मामले को लेकर बाघमारा थाना में काफी देर तक गहमागहमी का माहौल बना रहा। फिलहाल घटना क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।