logo

धनबाद के जंगल में मिली महिला की सिरकटी लाश, नरबलि की आशंका 

धनबाद के जंगल में मिली महिला की सिरकटी लाश, नरबलि की आशंका 

द फॉलोअप डेस्क
धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र की ढांगी बस्ती में मड़ई थान के आगे चटनियां पुल के सामने शुक्रवार को जंगल से एक अज्ञात महिला का शव बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का सिर और धड़ अलग-अलग स्थानों से मिला। गांव निवासी किशोर कुमार महतो शौच के लिए जंगल गया था, तभी उसकी नजर महिला के पैर पर पड़ी। शक होने पर उसने आसपास के लोगों को बुलाया। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि महिला का शव पड़ा है और सिर शरीर से अलग है। इसके बाद आशीष महतो ने बलियापुर थाना पुलिस को घटना की सूचना दी।


पूजा सामग्री मिलने से उठे सवाल
सूचना मिलते ही बलियापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। घटनास्थल से अगरबत्ती और कुछ पूजा सामग्री भी बरामद हुई है। इन चीजों को देखते हुए स्थानीय लोगों ने महिला की नरबलि देकर हत्या किए जाने की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल नरबलि की पुष्टि नहीं की है और मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बलियापुर थाना के एएसआई अशोक कुमार के अनुसार, महिला की उम्र करीब 25 से 30 वर्ष के बीच है और अभी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।


FSL और डॉग स्क्वायड की जांच

पुलिस ने घटना की गुत्थी सुलझाने के लिए रांची से एफएसएल की टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया है। दोनों टीमों की जांच के बाद घटनास्थल से घटना से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस महिला की पहचान कराने के साथ उसकी मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है।

Tags - Dhanbad Baliapur Crime News Police Investigation Jharkhand