logo

दिल्ली एम्स में होगा दिनेश गोप का इलाज, जेल प्रशासन ने शुरू की तैयारी

DINESH2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
PLFI के सुप्रीमो दिनेश गोप का इलाज अब दिल्ली स्थित AIIMS में किया जाएगा। वर्तमान में दिनेश गोप पलामू सेंट्रल जेल में बंद है और उसे हाथ में स्वास्थ्य संबंधी गंभीर समस्या है, जिसके लिए पूर्व में भी दिल्ली एम्स में उसका इलाज हो चुका है। जानकारी के अनुसार, 24 मई को दिनेश गोप के इलाज के लिए दिल्ली एम्स में अपॉइंटमेंट लिया गया था। शुरुआत में यह विचार किया गया कि उसका इलाज देवघर स्थित एम्स में भी संभव हो सकता है, लेकिन देवघर एम्स प्रशासन ने सूचित किया कि दिनेश की बीमारी से जुड़ी तकनीकी जांच और विशेष उपचार की सुविधाएं केवल दिल्ली एम्स में उपलब्ध हैं।

इसके बाद पलामू सेंट्रल जेल प्रशासन और पुलिस विभाग ने दिल्ली में इलाज की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पलामू की पुलिस अधीक्षक (एसपी) रीष्मा रमेशन ने इलाज से संबंधित पत्र प्राप्त होने की पुष्टि की है। वहीं, जेलर आशीष कुमार ने बताया कि दिल्ली एम्स से इलाज के लिए नई तिथि पर अपॉइंटमेंट लिया जाएगा और आवश्यक प्रशासनिक अनुमति प्राप्त की जा रही है। जेल प्रशासन और जिला पुलिस इस पूरी प्रक्रिया को सुचारू और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए विभिन्न पहलुओं पर कार्य कर रहे हैं।

गौरतलब है कि दिनेश गोप 2024 से पलामू सेंट्रल जेल में बंद है। वह झारखंड में कई बड़ी नक्सली घटनाओं का आरोपी है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने उसे नेपाल से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी से पूर्व झारखंड सरकार ने उस पर 25 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।